Bihar Road Accident: 50 फीट उछलकर दूर जा गिरी बाइक; दो की दर्दनाक मौत, भीड़ ने काटा बवाल
Bihar Road Accident बिहार के बेगूसराय में सड़क दुर्घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद जनाक्रोश उबल पड़ा। भीड़ ने जमकर बवाल काटा।
जेएनएन, पटना। Bihar Road Accident: शुक्रवार की सुबह बेगूसराय में दो लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक 50 फीट उछलकर दूर जा गिरी। घटना उस वक्त की बताई जा रही है जब दोनों किसी कार्य से लोहिया नगर रेलवे ब्रिज पर से गुजर रहे थे। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आवागमन बाधित कर दिया। इस दौरान वहां भीड़ ने सड़क पर वाहन चालकों को पीटा तथा जमकर बवाल काटा।
अज्ञात वाहन ने मारी ठाेकर, मौत
बताया जाता है कि अनंतपुर निवासी सन्नी कुमार व अजीत कुमार एक ही बुलेट बाइक पर बैठकर बेगूसराय लोहिया नगर रेलवे ब्रिज से बाजार समिति की ओर जा रहे थे। तभी ब्रिज पर ही मोड़ पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें ठोकर मार दिया। ठोकर इतनी जोरदार थी कि बाइक करीब 50 फीट दूर जा गिरी। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दोनों ने नहीं लगाया था हेलमेट
दुर्घटना सुबह करीब 9:35 बजे की बताई जा रही है। दोनों मृतक पेशे से प्राइवेट वाहन के चालक थे। उन दोनों ने हेलमेट भी नहीं लगाया हुआ था। जानकारी मिलने पर परिवार के लोग पहुंचे। इस बीच मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।
आक्रोशित भीड़ ने किया सड़क जाम
इस दुर्घटना से आक्रोशित स्वजनों ने सड़क को जाम कर दिया। इस दौरान भीड़ ने वाहन चालकों से बदसलूकी और मारपीट की। आग्रोशित भीड़ ने सड़क पर जमकर बवाल काटा। इसके बाद बीडीओ ने मौके पर पहुंचकर लोगों समझाया बुझाया और चार-चार लाख रुपये का चेक दिया तब जाकर सड़क जाम हटाया जा सका।
एक दिन पहले भी हुई थी सड़क दुर्घटना
बताते चलें कि गुरुवार की देर शाम भी अज्ञात वाहन की ठोकर से लोहिया नगर निवासी एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया था जिसे ग्लोकल अस्पताल से प्रारंभिक चिकित्सा के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत में पटना रेफर कर दिया है उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।