Move to Jagran APP

Bihar Patna Flood Alert: पटना में गंगा उफान पर, बाढ़ का खतरा; नीतीश ने लिया जायजा

Bihar Patna Flood Alert बिहार में एक बार फिर बाढ़ की स्थिति भयावह होती जा रही है। गंगा समेत कई नदियां उफान पर हैं। पटना से सटे इलाकों में भी पानी प्रवेश कर गया है।

By Rajesh ThakurEdited By: Published: Thu, 19 Sep 2019 04:39 PM (IST)Updated: Thu, 19 Sep 2019 10:13 PM (IST)
Bihar Patna Flood Alert: पटना में गंगा उफान पर, बाढ़ का खतरा; नीतीश ने लिया जायजा
Bihar Patna Flood Alert: पटना में गंगा उफान पर, बाढ़ का खतरा; नीतीश ने लिया जायजा

पटना, जेएनएन। Bihar Patna Flood Alert : बिहार में एक बार फिर बाढ़ की स्थिति भयावह होती जा रही है। गंगा समेत कई नदियां उफान पर हैं। इतना ही नहीं, गंगा नदी के जलस्‍तर में बढ़ोतरी के कारण पटना व आसपास के इलाकों में भी पानी प्रवेश कर गया है। इसे बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने गंभीरता से लिया है। उन्‍होंने गुरुवार को पटना से सटे कई इलाकों का जायजा लिया। वे इस दौरान कई गंगा घाटों पर भी गए। उनके साथ अधिकारियों की पूरी टीम भी गई थी। उन्‍होंने अधिकारियों काे अलर्ट रहने को कहा है। कई आवश्‍यक निर्देश भी दिए गए हैं। इतना ही नहीं, शुक्रवार को मुख्यमंत्री बक्सर से लेकर भागलपुर तक गंगा के बढ़े जलस्तर का हवाई सर्वेक्षण भी करेंगे।  

loksabha election banner

जानकारी के अनुसार, पटना के गांधी घाट पर गंगा खतरे के निशान से 83 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। यहां 48.60 मीटर पर खतरे का निशान है, जबकि जलस्तर 49.43 मीटर पर है। दीघा, हाथीदह, मनेर सभी जगहों पर गंगा का जलस्‍तर खतरे के निशान से ऊपर है। इसे देखते हुए आज दोपहर में मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार दीघा इलाके में जायजा लेने निकले। 

गांधी घाट समेत अन्‍य घाटों का जायजा लेने के क्रम में सीएम नीतीश ने कहा कि अभी वर्ष 2016 की तरह स्थिति नहीं है, लेकिन कल किसने देखा है। इसलिए अधिकारियों को सचेत रहने को कहा है। उन्‍होंने कहा कि प्रारंभिक तैयारी में कोई लापरवाही नहीं रहे, इसके लिए वे जायजा लेने निकले।  

नीतीश कुमार पटना में गंगा और हाजीपुर में गंडक के जलप्रवाह के निरीक्षण के अलावा पटना में गांधी मैदान से लेकर दीघा घाट तक बनी सुरक्षा दीवार का भी मुआयना किया और मौके पर कई निर्देश दिए। जल संसाधन विभाग व आपदा प्रबंधन विभाग के साथ दोनों जिलों के जिला प्रशासन को भी अलर्ट किया गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री बक्सर से लेकर भागलपुर तक गंगा के बढ़े जलस्तर का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। वहीं मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार की सुबह जलस्तर में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।

सीएम अपने निरीक्षण कार्यक्रम के तहत सबसे पहले दीघा के पाटी पुल घाट पहुंचे। कुछ देर रूकने के बाद वह जेपी सेतु से हाजीपुर पहुंचे और गंडक पुल से गंडक नदी के जल प्रवाह का निरीक्षण किया। इसके बाद वह गांधी सेतु पहुंच गए और पाया नंबर 30 के पास कुछ देर रूक कर गंगा नदी के जलस्तर का मुआयना किया। गांधी सेतु के बाद वे राजधानी स्थित गांधी घाट पहुंचे। यहां उन्होंंने जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के साथ विमर्श किया। बढ़े हुए जलस्तर के बारे में बातें कीं। इस मौके पर उन्हें गंगा नदी के अलावा सोन, गंडक व घाघारा के जलस्तर की स्थिति के बारे में बताया गया। उत्तराखंड में हो रही बारिश की भी जानकारी दी गई।

उन्‍होंने यहां मीडिया से बातचीत के क्रम में कहा कि हमने निरीक्षण के क्रम में यह देखा कि कई जगहों पर जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। जलस्तर बढ़ भी सकता है। इसके लिए अलर्ट रहना पड़ेगा।  वर्ष 2016 में गंगा नदी के दोनों किनारे के बारह जिले बाढ़ से प्रभावित हुए थे। वैसे अभी जल का वह स्तर नहीं है, पर कोई नहीं जानता है कि कल क्या हो सकता है, इसलिए सचेत रहना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान से दीघा घाट के बीच बने बाढ़ सुरक्षा दीवार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यहां निरंतर निगरानी के लिए अधिकारियों की तैनाती का निर्देश दिया। बालू की बोरियों की संख्या और बढ़ाने को कहा।निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत, जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव कुमार हंस, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, पटना व वैशाली के डीएम-एसपी भी मुख्यमंत्री के साथ थे।

गौरतलब है कि बुधवार को पटना के डीएम कुमार रवि ने टीम के साथ गांधी घाट से लेकर दीघा घाट तक का निरीक्षण किया था। बाद में उन्‍हाेंने मीडिया से कहा कि स्थिति अभी नियंत्रण में हैं। प्रशासन की नजर हर जगह पर है। दो-तीन दिनों से गंगा के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। भारी बारिश और सोन नदी में छोड़े गए पानी के कारण गंगा उफान पर आ गयी है।

दरअसल, गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसके कारण दियारा के गांव गंगा के पानी से घिर गए हैं। इस संबंध में डीएम ने कहा कि पटना में सुरक्षा बांध फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित है। वहीं, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता हरिनारायण ने कहा कि गंगा का जलस्तर स्थिर हो जाएगा। उसके बाद पानी घटेगा। इलाहाबाद में जलस्तर के घटने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, एहतियात के तौर पर जल संसाधन विभाग के अभियंता सभी गेटों पर तैनात हैं। जलस्‍तर की मॉनिटरिंग की जा रही है।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.