पटना साहिब फतह को शत्रुघ्न के गढ़ से निकला शाह का रथ
फूलों की बारिश और मोदी मोदी..की गूंज के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का रोड शो शनिवार को निकला।
पटना । फूलों की बारिश और मोदी, मोदी..की गूंज के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का रोड शो शनिवार को राजधानी की सड़कों से निकला। पटना साहिब से भाजपा प्रत्याशी रविशंकर प्रसाद के पक्ष में रोड शो कांग्रेस प्रत्याशी व सिने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के गढ़ माने जाने वाले कदमकुआं इलाके से निकाला गया। इस दौरान सड़क पर काफी भीड़ थी। डेढ़ किलोमीटर की दूरी 95 मिनट में तय हुई।
बुद्ध मूर्ति मोड़ से कारगिल चौक तक सड़क पर जनसैलाब देख शाह ने कहा, 'देश में फिर नरेंद्र मोदी की सरकार बनने जा रही है।' उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि 19 मई को पटनावासी रविशंकर प्रसाद के पक्ष में मत देकर रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाएं। इस दौरान व्यवसायी जगह- जगह फूलों की बारिश करते रहे। मोदी-मोदी-मोदी की गूंज के बीच रथ आगे बढ़ता गया। रथ को देखने के लिए सड़क किनारे स्थित मकानों की छतों पर लोगों की भीड़ थी। जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। भाजपा अमित शाह लोगों का अभिवादन करते रहे। पूरा क्षेत्र भाजपा के झंडों से पटा था। कार्यकर्ता गला में पट्टा, हाथ में झंडा लिए और सिर पर टोपी पहने हुए थे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ रथ पर पटना साहिब प्रत्याशी सह केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद, बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, नितिन नवीन, डॉ. संजीव चौरसिया, लल्लू मुखिया, विधानपार्षद संजय मयूख आदि सवार थे। जगह-जगह कलाकारों ने गीतों से देशभक्ति का माहौल बना दिया। चप्पा-चप्पा मोदी सरकार, भारत माता की जय, वंदे मातरम, फिर एक बार मोदी सरकार, हर-हर मोदी के नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा। रथ से गिरिराज सिंह ने जय श्री राम के नारे भी लगाए। भाजपा युवा मोर्चा के मनीष कुमार सिंह, भाजपा नेता पंकज सिंह, राकेश सिंह, राजीव, अशोक भट्ट, प्रमोद चंद्रवंशी भी इस दौरान मौजूद रहे।
रूपम कला मंदिर बाकरगंज की तरफ से महिलाओं ने रथ का भव्य स्वागत किया। रूपम कला मंदिर, हैदराबादी जायका, अंजुमन-ए- मोहम्मदिया, चूड़ी मार्केट व्यवसायी संघ सहित कई संगठनों ने रोड शो का स्वागत किया।
---------
- 6.20 बजे शाम : रथ पर सवार हुए अमित शाह
- 6.25 बजे : रथ आगे बढ़ा
- 6.50 बजे : नाला रोड मोड़ पहुंचा
- 7.00 बजे : ठाकुरबाड़ी रोड में प्रवेश
- 7.13 बजे : बारीपथ मोड़
- 7.40 बजे : गांधी मैदान मोड़
- 7.55 बजे : कारगिल चौक