बिहार के अधिसंख्य शहरों के तापमान में आएगी गिरावट, पटना का टेम्प्रेचर पहुंचा 14 पर
पटना के तापमान में गिरावट आ रही है। सुबह को समय बाहर निकलने वालों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। दोपहर में धूप भले ही राहत दे रही है पर शाम में ठंड वापस बरकरार हो जा रही है।
पटना, जेएनएन। राजधानी और आसपास के इलाके में 30 नवंबर तक मौसम सामान्य रहने की संभावना है। मंगलवार को पटना के तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार बिहार के अधिकांश शहरों के तापमान में 30 नवंबर से गिरावट के आसार हैं।
मंगलवार को पटना का न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री और अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी 76 फीसद रही। गया का न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री और अधिकतम 27.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड की गई। यहां हवा में नमी की मात्रा 76 फीसद रही। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां हवा में नमी की मात्रा 90 फीसद रिकॉर्ड की गई। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री और अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की नमी की मात्रा 82 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार पटना सहित राज्य भर में 1 दिसंबर से तापमान में मामूली कमी के आसार हैं। औसत दो डिग्री सेल्सियस तक तापमान में कमी आने की संभावना है।
एयर क्वालिटी इंडेक्स पीएम2.5
शहर - पटना
बुधवार का अनुमान - 375 खतरनाक
मंगलवार का इंडेक्स - 350 खतरनाक