सुरक्षाबलों ने एक साथ पकड़े गये 16 माओवादी, बड़ी घटना की कर रहे थे तैयारी
बिहार में नक्सली एक बार फिर से अपने संगठन को मजबूत करने में जुट गये हैं। सुरक्षाबलों ने जमुई जिले से एक साथ 16 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।
पटना [जागरण टीम]। बिहार में माओवादी एक बार फिर से अपने संगठन के विस्तार और पकड़ मजबूत बनाने में जुट गये हैं। इसी क्रम में माओवादियों का बड़ा जत्था संगठन विस्तार के लिए एकत्रित हुआ था। लेकिन सुरक्षाबलों ने इनके मंसूबे पर पानी फेरते हुए जमुई जिले से 16 माओवादियों को गिरफ्तार किया है।
अपने खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से नक्सली बिहार में तितर बितर हो गए हैं। ऐसे में वो दोबारा अपने आपको संगठित करने की कोशिश में लगे हुए हैं।
8 जुलाई को जमुई के कल्याणपुर गांव में सशस्त्र सीमा बल और स्थानीय पुलिस के जवान गश्त पर थे। अचानक उन्हें कुछ आदमियों का समूह दिखा जो लाल झंडे लहरा रहे थे। सुरक्षाबलों ने उन्हें रोकना चाहा लेकिन वो नहीं रुके। इसके बाद एसएसबी ने उनका पीछा कर उन्हे पकड़ा।
पकड़े गए लोगों के पास से मोबाइल फोन, झंडे और माओवादियों के स्टिकर बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए लोग सुविधा कार्यकर्ता हैं और माओवादियों को उनकी गतिविधियों को चलाने में वो हर तरीके से मदद करते हैं।
गिरफ्तार लोगों की उम्र 15 से 50 साल के बीच में है। मौजूदा समय में वो नक्सलियों द्वारा अंजाम दी जानेवाली बड़ी वारदातों के लिये उन्हे मदद कर रहे थे। सुरक्षा एजेंसियां ये पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उनकी साजिश क्या थी और कौन-कौन लोग इसमें शामिल थे।