अब 11 रूटों पर दौड़ने लगीं 100 बसें, 50 हजार लोग कर रहे यात्रा
अब पटना के हर मुख्य मार्ग पर सिटी बस का परिचालन होने लगा है।
पटना। अब पटना के हर मुख्य मार्ग पर सिटी बस का परिचालन होने लगा है। आयकर गोलंबर से कुर्जी मोड़ के बीच सिटी बस के परिचालन का शुभारंभ शनिवार को आयकर गोलंबर स्थित बस स्टापेज से परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला और परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर की। साथ ही दोनों ने बस से पटना म्यूजियम तक यात्रा की। अब 11 रूटों पर 100 सिटी बसों से प्रतिदिन 50 हजार यात्री यात्रा करने लगे हैं। बो¨रग रोड में रूट संख्या 500 वाली बस का परिचालन होगा। यह बस हर 20 मिनट पर मिलेगी। चार बसें सुबह छह बजे से रात नौ बजे तक चक्कर लगाते रहेंगी।
परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला ने कहा कि बो¨रग रोड रूट छूट गया था। इस रूट में वीमेंस कॉलेज, एएन कॉलेज, पॉलिटेक्निक, पीएंडएम मॉल सहित कई स्थल हैं। इससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। पटना शहर का अब कोई मुख्य रूट नहीं बचा हुआ है। पटना वासियों को सिटी बस के परिचालन से काफी राहत मिली है। सस्ती दर पर लोग यात्रा कर रहे हैं।
इस अवसर पर परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि पटना सिटी बस सेवा को पटनावासियों ने अपना लिया है। प्रतिदिन 50 हजार यात्री यात्रा कर रहे हैं। सिटी बस की मांग बढ़ गई है। नयी बसें खरीद की जाएंगी। मांग वाले रूटों में नयी बसें डाली जाएंगी। इसकी तैयारी में परिवहन विभाग जुट गया है। सिटी बस परिचालन में सफलता के बाद टैक्सी परिचालन नीति लायी गयी है। अब ओला सहित कई बड़ी टैक्सी कंपनियां पटना आएंगी। ओला शीघ्र ही निबंधन कराएगी। इसके साथ बाइक सेवा भी कानूनी रूप से चलने लगेगी। मेट्रो ट्रेन के परिचालन में अभी विलंब है, इस कारण हर वर्ग के लोगों की सुविधा का ख्याल रखते हुए व्यवस्था कराई जा रही है। बस स्टापेज का स्वरूप बदला
बस स्टॉपेज का स्वरूप बदला जा रहा है। अब स्टापेज पर रुकने वाली बसों की रूट संख्या अंकित रहेगी। साथ ही रूट का नाम रहेगा। बिना किसी सहायता के यात्री समझ जाएंगे कि यहां से किस रूट की बस कहां जाएगी। दिल्ली-कोतकाता के बीच शीघ्र बस सेवा
परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि पटना से दिल्ली और कोलकाता के लिए शीघ्र बस सेवा शुरू होगी। बातचीत अंतिम दौर में है। यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। नए बनेंगे बस स्टापेज, पुराने का होगा आधुनिकीकरण
नये बस स्टापेज बनेंगे तथा पुराने स्टापेज का आधुनिकीकरण होगा। परिवहन विभाग इस कार्य को शीघ्र करेगा। बिना टिकट यात्रा पर 100 रुपये जुर्माना
सिटी बस में बिना टिकट के यात्रा करना महंगा पड़ेगा। परिवहन निगम का दस्ता जांच करेगा। इसके अतिरिक्त जिला परिवहन पदाधिकारी भी टिकट जांच करेंगे। बिना टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर 100 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। सराय-राजगीर के बीच चलेगी बस
एक सप्ताह बाद नालंदा जिला के सराय से राजगीर के बीच सिटी बस का परिचालन होगा। उसके बाद दीदारगंज-फतुहा और बख्तियारपुर के बीच फोर लेन से सिटी बस का परिचालन शुरू होगा।