विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवादा में बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा

Published: Mon, 24 Aug 2026 04:10 PM (IST)

नवादा के एक निजी अस्पताल में बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

परिजनों ने किया हंगामा। (जागरण)

परिजनों ने किया हंगामा। (जागरण)

HighLights

  1. निजी अस्पताल में बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत।

  2. परिजनों ने इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया।

  3. नवादा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

जागरण संवाददाता, नवादा। नवादा नगर थाना क्षेत्र के सद्भावना बिजली ऑफिस के पास संचालित एक निजी हॉस्पिटल में एक महिला मरीज की मौत हो जाने पर लोगों ने हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार नेमदारगंज थाना के मनका गांव निवासी लालजी चौहान की पत्नी गीता देवी की बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद मौत हो गई।

रविवार की शाम अस्पताल परिसर में स्वजन ने नाराजगी जताई। सूचना पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को समझाते हुए स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।

स्वजन के अनुसार, गीता देवी का इलाज कराने के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद अस्पताल की ओर से बताया गया कि महिला को होश आ जाएगा। इसके बाद महिला की मौत की सूचना मिली। जिसके बाद परिवार के सदस्य रोने-बिलखने लगे।

स्वजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

मृतका के पति लालजी चौहान ने कहा कि उनकी दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

खबर लिखे जाने तक पुलिस बल वहां सुरक्षा में तैनात थी। इस पूरे मामले में नगर थाना अध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने कहा कि आवेदन मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- दरभंगा एम्स निर्माण की बाधा होगी दूर, मिट्टी भराई के लिए खनन योजना तैयार करने का निर्देश