सांप को बोतल में बंद कर इलाज करने अस्पताल पहुंची महिला
जिले के नारदीगंज बाजार की एक महिला मंगलवार को देर रात एक विषैले सांप ने काट लिया ।
नवादा। जिले के नारदीगंज बाजार की एक महिला मंगलवार को देर रात एक विषैले सांप ने काट लिया। सांप काटने के बाद महिला ने शोर-शराब की तो वहां घर के अन्य सदस्य पहुंच गए। लाइट जलाकर देखा तो सांप खांट में छुपा था। तब परिजनों ने सांप को पकड़ लिया और बोतल में बंद कर दिया। पहले महिला का झाड़-फूंक कराया। स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उसे लेकर नारदीगंज पीएचसी पहुंच गए। साथ में परिजन बोतल में बंद सांप को भी साथ लिए पहुंचे थे। पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। देर रात सदर अस्पताल पहुंची महिला का इलाज शुरू किया गया। सुबह तक 14 एन्टी वेनम का डोज देकर डॉक्टरों ने महिला को बचा लिया। चिकित्सकों के साथ ही जिसने यह जाना कि कोबरा को बोतल में कैद कर महिला इलाज करने अस्पताल पहुंची है, उसकी हिम्मत को देख दांतों तले उंगली दबा लिया। हालांकि सांप की पहचान हो जाने के कारण चिकित्सकों को उसका इलाज करने में काफी सहूलियत मिली।
बताया जाता है कि विपीन यादव की पत्नी ¨रकू देवी रात में सोने जा ही रही थी। इस दौरान खाट पर रहे सांप ने उसके हाथ में डंस लिया। तत्काल उसने परिजनों को जानकारी दी। तब परिजन उस कमरे में पहुंचे और लाइट के सहारे खोजबीन शुरू किया तो सांप खाट पर बैठा मिल गया। कड़ी मशक्कत के बाद परिजनों ने सांप को पकड़ कर एक प्लास्टिक के बोतल में बंद कर दिया। उसके बाद महिला को झाड़-फू़ंक के लिए ओझा के पास ले गए। लेकिन स्थिति को बिगड़ते देख नारदीगंन पीएचसी लेकर पहुंचे। जहां से उसे सदर अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया। चिकित्सकों ने कोबरा सांप देख उसका इलाज आरंभ किया। उसे कुल 14 एंटी वेनम की सूई दी गई। सुबह के बाद चिकित्सकों ने उसे खतरे से बाहर बताया है। बता दें कि सांप काटी महिला चार माह की गर्भवती भी है। फिलहाल महिला व उसके परिजनों की हिम्मत की दाद सभी दे रहे हैं।