मंडल कारा में बीमार विचाराधीन कैदी की मौत, हंगामा
मंडल कारा में बीमार विचाराधीन कैदी दिनेश यादव की शुक्रवार को मौत हो गई। मृतक कादिरगंज ओपी क्षेत्र के पौरा गांव निवासी और जदयू का पंचायत अध्यक्ष बताया गया है। मौत की खबर के बाद अन्य कैदी आक्रोशित हो उठे और हंगामा करना शुरु कर दिया।
मंडल कारा में बीमार विचाराधीन कैदी दिनेश यादव की शुक्रवार को मौत हो गई। मृतक कादिरगंज ओपी क्षेत्र के पौरा गांव निवासी और जदयू का पंचायत अध्यक्ष बताया गया है। मौत की खबर के बाद अन्य कैदी आक्रोशित हो उठे और हंगामा करना शुरु कर दिया। जिसके बाद जेल प्रशासन को पगली घंटी बजानी पड़ी। जिसके बाद कैदी अपने-अपने वार्डों में चले गए और वहां से नारेबाजी करते रहे। कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हुई। इधर, मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने प्रजातंत्र चौक को जाम कर दिया और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
बताया जाता है कि कैदी बाथरूम में अचेत हालत में गिरा हुआ था। एक अन्य कैदी की उसपर नजर पड़ी। तत्काल इसकी सूचना जेल प्रशासन को दी गई। जिसके बाद उसे सदर अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही जेल में हंगामा शुरु हो गया। इधर, मृत कैदी के परिजनों के मुताबिक दिनेश को 26 जून को मारपीट के मामले में आत्मसमर्पण के बाद जेल भेजा गया था। वह पेट की बीमारी से पीड़ित था। जेल प्रशासन से उसके इलाज के लिए कई बार अनुरोध किया गया। लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। जेल प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि इलाज में लापरवाही बरते जाने के चलते मौत हुई है। आक्रोशितों ने सदर अस्पताल में हंगामा भी किया। जिसके बाद स्वास्थ्यकर्मी कमरे में दुबक गए। इसके बाद शव को प्रजातंत्र चौक पर रखकर जाम कर दिया गया। लोगों ने जिला प्रशासन और जेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जेलर पर मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे। जाम के दौरान साइकिल सवारों को भी गुजरने नहीं दिया जा रहा था। इस बीच एएसपी अभियान कुमार आलोक, सदर एसडीएम अनु कुमार, एसडीपीओ विजय कुमार झा, नगर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार वहां पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। सदर एसडीएम ने कहा कि परिजनों से आवेदन मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
इधर, जेलर रामविलास दास ने लापरवाही के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि बीमार कैदी को चिकित्सक ने रेफर कर दिया था। जिसके बाद अनुमति के लिए कोर्ट को आवेदन दिया गया, लेकिन इसी बीच कैदी की मौत हो गई।