धान क्रय की तैयारी अबतक आधी-अधूरी
विभाग के निर्देशानुसार नारदीगंज प्रखंड के विभिन्न पैक्स गोदामों में किसानों से धान क्रय क ।
नवादा। विभाग के निर्देशानुसार नारदीगंज प्रखंड के विभिन्न पैक्स गोदामों में किसानों से धान क्रय करने की सूचना चिपका दी गई है। लेकिन खरीद की तैयारी अबतक आधी-अधूरी है। अबतक क्रय शुरू नहीं हो सका है। क्योंकि एक ओर अभी धान में नमी अधिक बताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर विभाग के माध्यम से पैक्स अध्यक्षों को खाते पर राशि भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। सबसे दिलचस्प बात है कि विभागीय प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो पाई है। इस परिस्थिति में किसानों से कैसे धान की खरीद होगी, बड़ा सवाल है। धान क्रय करने के लिए एएफसी और मिलर से एग्रीमेंट का प्रावधान है। वह भी अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक किसानों से 200 क्विंटल व व गैर रैयत से 75 क्विंटल धान की खरीद की जाएगी। 15 नवम्बर से धान की खरीद किया जाना था, लेकिन 11 दिसम्बर बीत जाने के बाद भी क्रय नहीं हो पा रहा है। ऐसा धान में नमी की अधिकता के कारण हो रहा है। वही दूसरी ओर जरूरतमंद किसानों अपनी धान को औने पौने भाव में बाजार मे बिचौलियों के हाथों में बेचने को भी मजबूर है। जिससे किसानों मे विभाग के प्रति असंतोष देखा जा रहा है। किसानों का कहना है कि विभागीय अधिकारी केवल धान में नमी की अधिकता बताकर धान को खरीदने में आनाकानी कर रहे हैं। इस संबंध में कहुआरा पंचायत की पैक्स अध्यक्ष श्रवण कुमार कहते हैं कि किसानों की धान अभी खेतों से पूर्णरूपेण खलिहान में नहीं पहुंचा है। वहीं दूसरी ओर धान में नमी अधिक है। धान की नमी 19 प्रतिशत होने पर एक सप्ताह के बाद किसानों से धान की खरीद शुरू हो जाएगी। वही प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी विपिन कुमार का कहना है कि धान खरीद के लेन देन के लिए सभी पैक्स समिति से पैन, टीन, इमेल की मांग की गई है। जिसका संधारण कराया जा रहा है। यह प्रक्रिया पूरी होने पर किसानों से धान क्रय शुरू होगा।