Nawada: सात वर्षों से जारी है शिक्षा जागरूकता की प्रभातफेरी, पकरी के छोटे-छोटे बच्चों को बताए शिक्षा के महत्व
बीते सात वर्षों से गांव-कस्बों में शिक्षा जागरूकता को लेकर हरेक रविवार को प्रभातफेरी निकालने का अभियान निरंतर जारी है। बुद्धिजीवी विचार मंच की ओर से आयोजन हर रविवार को किसी न किसी गांव-टोले में किया जाता है। अकबरपुर प्रखंड के पकरी गांव में शिक्षा जागरूकता की प्रभातफेरी निकाली गई।
जागरण संवाददाता, नवादा: बीते सात वर्षों से गांव-कस्बों में शिक्षा जागरूकता को लेकर हरेक रविवार को प्रभातफेरी निकालने का अभियान निरंतर जारी है। बुद्धिजीवी विचार मंच की ओर से यह आयोजन हर रविवार को किसी न किसी गांव-टोले में किया जाता है। आज अकबरपुर प्रखंड के पकरी गांव में शिक्षा जागरूकता की प्रभातफेरी निकाली गई। मंच के संरक्षक डा. सुनीती कुमार ने कहा कि सुबह सबेरे गांव पहुंचकर दरवाजे-दरवाजे से छोटे बच्चों व उनके अभिभावकों को साथ लेकर प्रभातफेरी निकाली गई।
नियमित विद्यालय जाने को किया प्रेरित
इस कार्यक्रम के जरिए बच्चों को नियमित रूप से अपने विद्यालय जाने के लिए प्रेरित किया गया। बेटा हो बेटी सभी को स्कूल हर दिन भेजने के लिए जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम में शामिल सभी बच्चों ने अपने हाथों में नारा लिखा हुआ तख्ती लिए हुए थे। गांव की हरेक गली-नुक्कड़ से होकर यह प्रभातफेरी गुजरी। मंच से जुड़े शिक्षकों, बुजुर्गों ने शिक्षा गीत गाकर लोगों को प्रेरित किया।
सभी में दिखा उत्साह
इस गांव में पहली बार कार्यक्रम होने के बावजूद बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं में उत्साह दिखा। इस आयोजन को सफल बनाने में मंच से जुड़े संयोजक अवधेश कुमार, डा. राजू रंजन कुमार, गायक चंदेश्वर यादव, राकेश कुमार, सेवानिवृत शिक्षक पवन कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता उदय शंकर सिंह, रामलखन प्रसाद, कुलेश्वर यादव, सुरेश वर्मा, सुंदर रजक, बीकेएन सिंह, विनय कुमार ने सहयोग दिया।
करता समय पुकार मिला है शिक्षा का अधिकार...
नवादा के शिक्षक राजू रंजन ने प्रभातफेरी के दौरान शिक्षा जागरूकता गीत गाए। गीत के बोल-सुनो रे भाई, सुनो रे बहना, करता समय पुकार मिला है शिक्षा का अधिकार... गाकर गांव के लोगों को जागरूक किया। सक्रिय सदस्य के रूप में यह निरंतर अपने गीतों से लोगों को जागरूक करते हैं। गांव की महिलाएं, बेटियां, बच्चे इनकी गीतों को ध्यान से सुनते हैं।