24 साल की उम्र में क्रैक किया UPSC, नवादा की बेटी रितिका को CSE में मिली 185वीं AIR
नवादा जिले के हिसुआ की रितिका पाण्डेय ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा, 2025 में 185वां स्थान ...और पढ़ें

अपने माता-पिता के साथ सिविल सेवा परीक्षा, 2025 में 185वां रैंक लाने वाली रितिका पाण्डेय।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, नवादा। नवादा जिले के हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र स्थित हिसुआ पांचू की रितिका पाण्डेय ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा, 2025 में 185वां रैंक लाकर गौरवान्वित किया है। रितिका पाण्डेय के पिता संजय पाण्डेय मूल रूप से हिसुआ पांचू के निवासी हैं और साधारण व्यवसाय करते हैं।
दुकानों में कैरी बैग की आपूर्ति करना उनका पेशा है, लेकिन बच्चे-बच्चियों को उच्च शिक्षा दिलाना उनका जुनून रहा है। रितिका पाण्डेय ने तीसरे प्रयास में यह सफलता अर्जित की है।
पहले प्रयास में प्रारंभिक परीक्षा तक पहुंची थी, तो दूसरे प्रयास में उन्होंने साक्षात्कार तक का सफर तय किया था, लेकिन अंतिम परीक्षा परिणाम में उनका नाम नहीं आ सका था।
उनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड और दिल्ली में हुई है। रांची के मनन विद्या स्कूल से दसवीं और बारहवीं परीक्षा उत्तीर्ण की। बारहवीं में वे पूरे राज्य में दूसरे स्थान पर रही थी। दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज से भौतिकी(प्रतिष्ठा) में स्नातक उत्तीर्ण किया। इसमें भी उन्होंने 9.7 सीजीपीए लाकर दूसरा स्थान पाया था।
पिता के अथक परिश्रम और लगन को उन्होंने अपने जीवन का सार बनाया और परिवार की आर्थिक तंगी को चुनौती के रूप में स्वीकारा। उन्होंने स्वाध्याय के बल पर सिविल सेवा परीक्षा, 2025 में सफलता प्राप्त की।
उनकी माता बबीता पाण्डेय साधारण गृहिणी हैं, वहीं दो बहनें कृति व पूजा के साथ छोटा भाई हर्ष पाण्डेय काफी प्रसन्न और गौरवान्वित हैं।
यह भी पढ़ें- UPSC CSE Result: रवि राज ने आंखों की रौशनी खोई; हौंसला नहीं... 5वें अटेम्प्ट में बन गए IAS अफसर
