Nawada: नियम के विरुद्ध खुले पटाखा विक्रेताओं पर होगी कार्रवाई, त्योहारों को लेकर बाजारों में चहल- पहल बढ़ी
पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि अवैध पटाखा दुकानों में पाए गए सामग्री का जप्ती सूची तैयार करते हुए पटाखा को जप्त करने की कार्रवाई करेंगे। साथ ही सुसंगत धाराओं के तहत् नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन देंगे।
जागरण संवाददाता, नवादा: जिलाधिकारी उदिता सिंह के आदेश के आलोक में जिले में अवैध एवं नियम विरूद्ध पटाखा विक्रेताओं के विरूद्ध विधि-सम्मत कारवाई करने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर एवं रजौली को दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी नवादा उमेश कुमार भारती द्वारा अवैध एवं नियम के विरूद्ध पटाखा बिक्रेताओं पर विधि-सम्मत कार्रवाई करने के लिए छापामारी दल का गठन किया गया है।
पटाखा को जप्त करने की होगी कार्रवाई
छापामारी दल में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी हैं-सभी संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को सम्मिलित किया गया है। प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि अवैध पटाखा दुकानों में पाए गए सामग्री का जप्ती सूची तैयार करते हुए पटाखा को जप्त करने की कार्रवाई करेंगे। साथ ही सुसंगत धाराओं के तहत् नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन देंगे। नवादा जिले में दिवाली को लेकर दो दर्जन से अधिक अस्थाई दुकानें जगह-जगह खुली हैं। जहां नियमों का कोई पालन नहीं हो रहा है।
त्योहारों को लेकर बाजारों में चहल- पहल बढ़ी
संवाद सूत्र रोह नवादा: रोह प्रखंड क्षेत्र दीपावली पर्व को लेकर रोशनी से बाजार जगमग हो चुका है। घरों को सजाने के लिए लरियों और अन्य इलेक्ट्रानिक सामान की बिक्री बढ़ गयी। कोरोना की मार से काफी हद तक मुक्ति मिलने पर लंबे समय के बाद बाजार गुलजार होने से व्यापारियों के चेहरे अब खिल रहे हैं। बाजार भी दीपावली से संबंधित वस्तुओं से पट-सा गया है। जिधर, देखिए उधर ऐसी वस्तुएं नजर आएंगी जिनका संबंध दिवाली से है। जरूरी सामानों की खरीददारी भी की जा रही है।
त्योहार की तैयारी को लेकर बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। रंग-बिरंगे बिजली के बल्बों से लेकर अन्य सजावटी सामान बाजारों में दिखने को मिल रही है। मिट्टी के दीए भी बाजार में जमकर बिक रही हैं। श्री गणेश एवं मां लक्ष्मी की छोटी मूर्तियां भी बाजार में दिख रहीं हैं। कुल मिलाकर बाजार में भी उत्सव-सा माहौल है। धनतेरस से दीपोत्सव की शुरूआत हो गई। धनतेरस को खरीदारी शुभ माना जाता है। ऐसे में बाजारों में बर्तन की खरीदारी सबसे अधिक हुई गिलास, कटोरी, चमक एवं अन्य बर्तनों की खरीदारी खुब हुई। त्योहारों के दृष्टिकोण से मुख्य बाजार में पुलिस बल भी घूमते टहलते नजर आए। आने जाने वाले लोगों पर पहली नजर रखी जा रही है।