लॉकडाउन का नगर बाजार में नहीं दिख रहा असर
नगर बाजार में लॉकडाउन के चौथे चरण में कोई असर नहीं दिख रहा है। रविवार को सामान्य दिनों की तरह बाजार में भीड़-भाड़ देखी गई।
नगर बाजार में लॉकडाउन के चौथे चरण में कोई असर नहीं दिख रहा है। रविवार को सामान्य दिनों की तरह बाजार में भीड़-भाड़ देखी गई। शहर के मेन रोड, विजय बाजार, अस्पताल रोड, स्टेशन रोड, पार नवादा आदि इलाकों में लोगों की काफी भीड़ देखने को मिला। लोग बेपरवाह होकर सड़कों पर घूमते नजर आए। साथ ही बिना मास्क के इधर-उधर एक साथ कई लोग खड़ाकर होकर बातचीत करते दिखे। लोगों द्वारा शारीरिक दूरी का भी पालन नहीं किया जा रहा था। जबकि लॉकडाउन के पहले व दूसरे चरण में लोगों द्वारा पूरी सर्तकता बरती गई। लोग अपने परिवार के साथ घर के अंदर सुरक्षित रहे। जरूरी काम से मास्क लगाकर घर से बाहर निकल रहे थे, लेकिन तीसरे चरण से लोग सभी पाबंदी को तोड़कर घर से बाहर निकलना शुरू कर दिया। चौथे चरण में तो लोग पूरी तरह बेपरवाह दिख रहे हैं। जबकि चौथे चरण में ही सबसे अधिक खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। गुजरात, दिल्ली, मुंबई समेत अन्य राज्यों से प्रवासी अपने घर वापस लौटे हैं। जांच के दौरान कई प्रवासियों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है। इसके अलावा चोरी छुपे कई प्रवासी रात के अंधेरे रिजर्व वाहन से अपने घर लौटे हैं। जिसकी कोई जांच नहीं हुई है। बाजार में घूमते हैं। ऐसे में आमजनों में भी खतरा बढ़ सकता है। बावजूद लोग सामान्य दिनों की तरह बाजार में भीड़-भाड़ लगा रहे हैं। सड़कों पर बिना मास्क के घूमते दिख रहे हैं। अगर लोगों द्वारा सतर्कता नहीं बरती गई तो इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। पुलिस ने की वाहनों की जांच,वसूला जुर्माना
- शहर के चौक-चौराहों पर पुलिस कर्मी मुस्तैद दिखे। पुलिसकर्मियों द्वारा लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। और सड़कों पर बेवजह बाइक लेकर घूमने वालों से जुर्माना की राशि वसूल की जा रही है। रविवार को पुलिसकर्मियों द्वारा प्रसाद बिगहा, शहीद भगत सिंह चौक, इंदिरा चौक आदि स्थानों पर वाहन जांच की गई। सड़कों पर बेवजह बाइक लेकर घूमने वाले दर्जनों वाहनों से जुर्माना की राशि वसूल की गई। लॉकडाउन के नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही घर से बाहर नहीं निकलने का हिदायत दी गई।