कुंदन ने एमबीबीएस डॉक्टर बन पुनौल का नाम किया रोशन
प्रखंड के पुनौल गांव निवासी प्रो. अक्षय कुमार एवं माता शांति कुमारी शर्मा के प्रथम पुत्र कुंदन कुमार ने एमबीबीएस की डिग्री हासिल कर पुनौल समेत नरहट प्रखंड का नाम रोशन किया है।
प्रखंड के पुनौल गांव निवासी प्रो. अक्षय कुमार एवं माता शांति कुमारी शर्मा के प्रथम पुत्र कुंदन कुमार ने एमबीबीएस की डिग्री हासिल कर पुनौल समेत नरहट प्रखंड का नाम रोशन किया है। वे अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज गया के छात्र थे। डॉक्टर बने कुंदन कुमार को 14 सितम्बर को आर्यभट ज्ञान विश्व विद्यालय स्थित बाबू सभागार पटना में राज्यपाल एवं शिक्षामंत्री के द्वारा एमबीबीएस प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। पुनौल गांव के लाल के डॉक्टर बनने से गांव में खुशी का माहौल है, लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। माता-पिता पुत्र की इस उपलब्धि से काफी खुश हैं। पिता ने बताया कि कुंदन बचपन से कुशाग्र बुद्धि का था। बचपन से शिक्षा-दीक्षा झारखंड के रांची में हुई। कुंदन के बड़े चाचा झारखंड सरकार में कृषि विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं। कुंदन अपने चाचा के सानिध्य में रह कर उनके मार्गदर्शन में मैट्रिक एवं इंटर की पढ़ाई रांची से किया और अच्छे मार्क्स से उत्तीर्ण हुआ। डॉक्टर कुंदन के पिता अक्षय कुमार गंगा रानी सिन्हा कॉलेज नवादा में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं। माता शांति कुमारी शर्मा गांव में आंगनबाड़ी सेविका हैं। इस उपलब्धि पर चाचा अभय कुमार, प्रो. विवेकानंद, शिक्षक संजय कुमार, पुनौल पंचायत की पूर्व मुखिया विजय कुमार, सरपंच अंबिका राम, हरिश्चंद्र यादव, शिक्षक फिरोज अहमद ने डॉक्टर बने कुंदन को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।