किसान मजदूर सम्मेलन का आयोजन
बिहार लोक समिति के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर अंबेडकर पुस्तकालय सभागार में बुधवार को किसान मजदूर सम्मेलन आयोजित की गई।
बिहार लोक समिति के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर अंबेडकर पुस्तकालय सभागार में बुधवार को किसान मजदूर सम्मेलन आयोजित की गई। अध्यक्षता समिति के जिला संयोजक नागेंद्र सिन्हा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में समिति के राष्ट्रीय संयोजक कौशल गणेश आजाद एवं प्रदेश महामंत्री शिवजी सिंह शामिल हुए। राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि लोक समिति अपने स्थापना काल से ही भ्रष्टाचार, मंहगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, कुपोषण, किसान, मजदूरों, पिछड़ा, अनुसूचित जाति आदि के सवालों को लेकर संघर्ष करते आ रही है। उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है।
देश के करीब 70 फीसद लोग खेती एवं पशुपालन पर निर्भर हैं। लेकिन आजादी के 72 साल बाद भी किसानों की हालत अच्छी नहीं है। खेती और पशुपालन की स्थिति बदतर है। इस साल बिहार में किसान बाढ़ और सूखाड़ से तबाह हैं। किसान कर्ज से दबे हैं। रोजगार के अभाव में बिहार के मजदूर दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं। बिहार में कोई नया कल-कारखाना नहीं लगाया गया है। जो पुराना था वह भी बंद हो चुका है। गांधी जी गांवों का विकास चाहते थे। लेकिन सरकार गांधी के नीतियों के विपरीत कार्य कर रही है। समिति के प्रदेश महामंत्री ने कहा कि सरकार पंचायत स्तर पर सर्वे कराकर किसानों को समय पर निश्शुल्क खाद-बीज, कीटनाशक दवा, कृषि अनुदान एवं फसल का शीघ्र मुआवजा देने की मांग की। ताकि किसानों को कर्ज से मुक्ति मिल जाय। कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों ने बापू व लालबहादुर शास्त्री की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। मौके पर विष्णुदेव पासवान, सुरेश रविदास, धर्मदेव पासवान, आनंदी पासवान, सुधीर पासवान, अशोक दास, कारू मांझी, शांति देवी, नंदु मांझी समेत कई लोग उपस्थित थे।