बाइक की ठोकर से घायल वृद्ध की मौत
कौआकोल थाना क्षेत्र के बीझो गांव में मंगलवार को बाइक की ठोकर से गंभीर रुप से घायल हुए वृद्ध सुखदेव यादव की इलाज के दौरान नवादा सदर अस्पताल में मौत हो गई।
कौआकोल थाना क्षेत्र के बीझो गांव में मंगलवार को बाइक की ठोकर से गंभीर रुप से घायल हुए वृद्ध सुखदेव यादव की इलाज के दौरान नवादा सदर अस्पताल में मौत हो गई। इधर, मौके पर गिरफ्तार किए बाइक सवार युवक रानीबाजार निवासी गणेश कुमार एवं उसके साथी दिनेश कुमार को प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया है। बता दें कि मंगलवार की दोपहर नशे में धुत बाइक सवार ने एक वृद्ध को धक्का मार दिया था। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिन्हें ग्रामीणों ने कौआकोल पीएचसी में भर्ती कराया था। जहां स्थिति गंभीर रहने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद नवादा रेफर कर दिया गया था। जहां उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक चालक गणेश एवं उसके साथ रहे दिनेश को नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया था। बाइक को भी जब्त कर लिया गया था।
मृतक जमुई जिले के खैरा थाना के डुमरोजोर गांव के निवासी थे। सुखदेव अपने समधी के घर इटपकवा गांव से अपने नाती मिथिलेश कुमार को लिए वापस अपने घर लौट रहे थे। इस बीच बीझो गांव के पास विपरीत दिशा से नशे में धुत होकर आ रहे बाइक सवारों ने वृद्ध को धक्का मार दिया था। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में दोनों युवक शराब पीने के दोषी पाए गए थे। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।