गैस सिलेंडर में रिसाव से घर में लग गई आग
शाहपुर ओपी क्षेत्र के महरथ गांव में बुधवार की देर शाम खाना बनाने के दौरान रसोई गैस सिलेंडर में रिसाव से सरोवर सिंह के घर में आग लग गई।
शाहपुर ओपी क्षेत्र के महरथ गांव में बुधवार की देर शाम खाना बनाने के दौरान रसोई गैस सिलेंडर में रिसाव से सरोवर सिंह के घर में आग लग गई। इससे सामान जल गए। शोरगुल सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने घंटों मशक्कत के बाद धधकती आग पर काबू पाया।
घटना से आहत सरोवर सिंह ने बताया कि उनकी पुत्रवधू ने देर शाम को खाना बनाने के लिए जैसे ही गैस चूल्हा जलाया की कुछ ही क्षण के बाद एकाएक पूरे रसोई घर में आग फैल गई। वहां से वह किसी तरह जान बचाकर भागी और घरवालों को आग लगने की जानकारी दी। मगर संकीर्ण रास्ते में रहे जलता सिलेंडर देख सब की हिम्मत जवाब दे गई और लोग घर से बाहर निकल गए। मामले की सूचना थानाध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह को दी गई और अग्निशमन वाहन मुहैया कराने का आग्रह किया गया। अग्निशमन वाहन आने से पहले सिलेंडर बीच से फट गया। घटना के बावत शाहपुर ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। गृहस्वामी उज्ज्वला योजना के लाभुक हैं। उनका कहना है कि सिलेंडर बिना जांच किए दिया गया था। पूर्व से ही रिसाव के कारण आग लगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।