26 दिन बाद भी किशोर का नहीं मिला कोई सुराग
कौआकोल थाना क्षेत्र के सरौनी गांव निवासी शिवनंदन राम के 15 वर्षीय नाती अजय क7
संसू, कौआकोल। कौआकोल थाना क्षेत्र के सरौनी गांव निवासी शिवनंदन राम के 15 वर्षीय नाती अजय कुमार के लापता हुए 26 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। जिससे परिजनों में भय का वातावरण बना हुआ है। बता दें कि जमुई जिले के चन्द्रदीप थाना क्षेत्र के सांपो गांव निवासी विभीषण राम का 15 वर्षीय पुत्र अजय कुमार अपने ननिहाल कौआकोल थाना क्षेत्र के सरौनी गांव में शिवनंदन राम के यहां आया हुआ था। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को झंडोतोलन में भाग लेने वह कौआकोल बाजार गया था। जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। सगे संबंधी के यहां भी खोजबीन करने के बाद जब लड़का का पता नहीं चल पाया तो 3 सितम्बर को कौआकोल थाना में नाना ने मामला दर्ज कराया गया। मामला दर्ज कराए जाने के एक सप्ताह बाद भी किसी प्रकार का सुराग नहीं मिल सका है। इस सम्बंध में थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि लड़का की खोज बीन के लिए पुलिस अपने स्तर से प्रयास कर रही है।