कम उम्र में मां बनना सेहत के लिए ठीक नहीं
जागरण संवाददाता नवादा प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय नवादा में राज्यव्यापी अभियान के तहत सोमवार
जागरण संवाददाता, नवादा : प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय नवादा में राज्यव्यापी अभियान के तहत सोमवार को बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम किया गया। महिला विकास निगम के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में सभी छात्राओं को बाल विवाह एवं दहेज प्रथा से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। सभी छात्राओं को जिला समन्वयक अरविद कुमार ने बताया कि बाल विवाह और दहेज प्रथा दोनों ही एक सामाजिक बुराई है। बाल विवाह में कम उम्र में लड़के और लड़कियों की शादी कर दी जाती है। उससे उनका मानसिक विकास प्रभावित होता है। लड़कियों के लिए कम उम्र में मां बनना उनकी सेहत के लिए सही नहीं माना गया है। लड़कियों की शादी के लिए उम्र कम-से-कम 18 साल व लड़कों की शादी का उम्र कम से कम 21 साल होना जरूरी किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बाल विवाह और दहेज प्रथा दोनों के लिए कड़े नियम और कानून बना रखे हैं। लेकिन सामाजिक जागरूकता बहुत जरूरी है। समन्वयक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सरकार ने बेटियों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना चला रखी है। इसके माध्यम से बेटियों के जन्म से लेकर उनके पढ़ने-लिखने ग्रेजुएशन तक में सरकार हर तरह की मदद दे रही है। आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में छात्राओं को जानकारी दी गई। छात्राओं से कहा गया कि आपके आस पड़ोस में भी यदि कहीं बाल विवाह की सूचना मिलती है तो आप चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर 1098 पर सूचना देकर इस सामाजिक बुराई को रोकने में सहयोग करें। इन दोनों बुराइयों पर अंकुश लगाने के लिए पंचायत, प्रखंड स्तरीय, अनुमंडल स्तरीय कमेटी गठित की गई है। इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक बालमुकूंद पांडेय, अंग्रेजी शिक्षक डॉ. मदन कुमार, शिक्षिका मंजू कुमारी, बबिता कुमारी, ममता रानी, कंचन माला आदि ने सहयोग दिया।