रजौली बाइपास पर झाड़ी से युवक का शव बरामद
संवाद सहयोगी रजौली रविवार की सुबह पटना-रांची रोड एनएच 31 पर रजौली बाइपास पर झाड़ी
संवाद सहयोगी, रजौली : रविवार की सुबह पटना-रांची रोड एनएच 31 पर रजौली बाइपास पर झाड़ी से एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है। मृतक की पहचान उसके पैकेट में रहे पहचान पत्र के आधार पर की गई। मृतक नवलेश सिंह गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के पकरी गांव निवासी रामबरन सिंह का पुत्र था। मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट पता नहीं चल सका है। बताया जाता है कि रविवार की सुबह झाड़ी में युवक के शव पर लोगों की नजर पड़ी। सूचना पाकर एएसआई मुनी लाल पासवान दल- बल के साथ वहां पहुंचे। युवक के शव को बरामद किया। युवक के पैकेट से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान हुई। जिसके बाद थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी ने मृतक के स्वजनों को सूचना भिजवाई। जानकारी मिलते ही मृतक के स्वजन रोते- बिलखते रजौली पहुंचे। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेजा गया। मृतक के एक रिश्तेदार ने बताया कि नवलेश कई दिनों से घर से भागा हुआ था। रजौली में उसका ससुराल है। पत्नी से पारिवारिक विवाद होने के कारण कुछ समय पहले उसकी पत्नी मायके आ गई थी। स्थानीय सूत्रों से पता चला कि वह पत्नी को लेने आया था। लेकिन ससुराल वालों ने उसकी विदाई नहीं की। जिसके कारण वह गम में दो दिनों से शराब पीकर इस क्षेत्र में भटक रहा था। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर दरबारी चौधरी ने बताया कि झाड़ी में शव होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसके परिजनों को इसकी जानकारी दी थी। परिजनों द्वारा शव की पहचान किए जाने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। अगर परिजनों द्वारा किसी प्रकार का आवेदन दिया जाता है तो आवेदन के आलोक में मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।