बिजली ऑफिस के कमरे में मिला युवक का शव
नगर थाना क्षेत्र के नवादा-गया पथ पर सद्भावना चौक के समीप विद्युत कार्यालय के पुराने भवन में शव बरामद ।
नवादा । नगर थाना क्षेत्र के नवादा-गया पथ पर सद्भावना चौक के समीप विद्युत कार्यालय के पुराने भवन से गुरुवार को अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। जिसके बाद सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैली तो काफी संख्या में लोग वहां जुट गए। समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं की जा सकी थी। जिस भवन में शव पाया गया वह पूर्व में कार्यपालक अभियंता का कार्यालय था।
बताया जाता है कि मोहल्ले के कुछ बच्चे विद्युत कार्यालय परिसर स्थित पेड़ से आम तोड़ने गए हुए थे। इसी बीच कार्यालय परिसर से उन्हें काफी दुर्गंध मिली। इसके बाद कमरे में झांक कर देखा तो एक युवक का शव पड़ा हुआ था। इसके बाद बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी। शव होने की सूचना मिलते ही काफी संख्या में भीड़ वहां जुटने लगी।
इधर जानकारी मिलते ही नगर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार, एसआइ आरके शर्मा, धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। फिर बंद कमरे को खोलकर देखा गया। कमरे में कई कागजात व सामान बिखरे पड़े हुए थे और युवक का शव पड़ा हुआ था। आसपास में खून भी पड़ा हुआ था। मृतक के चेहरे को ईंट-पत्थर से चूर दिया गया था। जिससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी।
नगर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार ने कहा कि शव करीब 10-12 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिसके चलते काफी बदबू निकल रही है। उन्होंने संभावना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि युवक आपराधिक प्रवृति का होगा और चोरी का सामान बंटवारा होने के दौरान वह अपने साथियों से लड़ गया होगा। जिसमें उसकी हत्या कर दी गई है। वैसे शव की पहचान होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।