पेज 3: पांच वर्षों से गायब युवती बरामद
अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के गुरुचक गांव से पांच वर्षों से गायब युवती को पुलिस ने सोमवार की अहले सुबह उसके घर से बरामद कर लिया।
अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के गुरुचक गांव से पांच वर्षों से गायब युवती को पुलिस ने सोमवार की अहले सुबह उसके घर से बरामद कर लिया। युवती का बयान दर्ज कराने के लिए नवादा व्यवहार न्यायालय ले जाया गया है। थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार वर्मा ने बताया कि गुरुचक गांव के भूषण राजवंशी ने अपनी पुत्री निभा कुमारी के घर से अचानक गायब होने की सूचना थाने में दर्ज कराई थी। इस बावत कांड संख्या 144/16 दर्ज कर मामले की जांच आरंभ की गई थी। लड़की का कहीं पता नहीं चल पा रहा था। अचानक किसी ने उसके घर पर होने की गुप्त सूचना दी। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर उसे बरामद कर न्यायालय भेजा गया। न्यायालय के आदेश पर उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है। युवती ने बताया कि वह लखनऊ के ईंट भट्ठा पर काम करने गई थी। भट्ठेदार उसे घर आने नहीं दे रहा था। मौका पाकर वह भागकर अपने घर वापस आ गई।