धरती को हरा-भरा बनाने में जुटी युवाओं की टोली
जिले के ग्रीन नवादा संस्था से जुड़ी युवाओं की टोली धरती को हरा-भरा बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। पर्यावरण को स्वछ बनाने के लिए इन युवाओं में जुनून सवार है।
जिले के ग्रीन नवादा संस्था से जुड़ी युवाओं की टोली धरती को हरा-भरा बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए इन युवाओं में जुनून सवार है। संस्था के सदस्यों व नर्सरी संचालक के सहयोग से पौधारोपण का मुहिम चलाया जा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में लगातार पौधारोपण कार्य किया जा रहा है। संस्था के सदस्य प्रणव कुमार, नीरज कुमार व अभिषेक कुमार आदि मुख्य रूप से इस कार्य को गति देने में जुटे हैं। संस्था से जुड़े अन्य सदस्य भी कार्यों में सहयोग कर रहे हैं। युवाओं का संकल्प है धरती को हरा-भरा बनाना। युवाओं द्वारा पौधारोपण करते हुए लोगों को इसके प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। इस साल एक हजार से अधिक पेड़-पौधे लगाने का निश्चय किया गया है। हालांकि कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन होने से दो माह से पौधारोपण कार्य बाधित है। बावजूद शहरी इलाकों में युवाओं द्वारा पौधारोपण का कार्य किया जा रहा है।
संस्था के सदस्य प्रणव कुमार ने बताया कि गर्मी बढ़ने से पानी की समस्या उत्पन्न होती है। पानी की समस्या को देखते हुए वर्ष 2019 के जून माह में पौधारोपण का कार्य शुरू किया गया। शुरुआत में चार-पांच साथी मिलकर पौधारोपण कर रहे थे। आज 30 सदस्य जुट चुके हैं। अब तक कुल मिलाकर 320 पेड़-पौधे लगाए जा चुके हैं।