विसर्जन के दौरान दो पक्षों में झड़प, 12 हिरासत में
थाना क्षेत्र के नेमदारगंज में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए दो पक्षों के बीच झड़प के बाद तनाव हो गया।
थाना क्षेत्र के नेमदारगंज में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए दो पक्षों के बीच झड़प के बाद तनाव हो गया। घटना को लेकर शुक्रवार को नेमदारगंज बाजार बंद रहा। बाजार में पुलिस कैंप कर रही है।
गुरुवार रात नेमदारगंज और इंदौल के ग्रामीणों के बीच प्रतिमा विसर्जन के दौरान डांस करने को लेकर आपस में विवाद हो गया था। जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर रोड़ेबाजी की गई। जिसमें कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अकबरपुर पीएचसी लाकर इलाज कराया गया। सूचना पाते की थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार वर्मा दल-बल के साथ नेमदारगंज पहुंचे। पुलिस को देखते ही शरारती तत्व वहां से भागने लगे। इस क्रम में पुलिस पर भी रोड़े फेंके। हालांकि किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं लगी। थानाध्यक्ष ने तत्परता दिखाते हुए जिला से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर घटना पर नियंत्रण पाई। इस दौरान पुलिस ने शरारती तत्वों पर लाठियां भी भाजी। पूरे मामले में पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया। पकड़े गए लोगों में कपिलदेव पंडित नेमदारगंज, कारू गोस्वामी इंदौल, सोनु कुमार इंदौल, उदय कुमार इंदौल, रौशन कुमार इंदौल, जितेंद्र कुमार नेमदारगंज, राजो कुमार नेमदारगंज, रंजन कुमार नेमदारगंज, उत्तम कुमार इंदौल, शंकर चौधरी इंदौल, मुकेश चौधरी इंदौल, रौशन कुमार इंदौल, भोला प्रसाद नेमदारगंज, राजू कुमार नेमदारगंज मुख्य रूप से शामिल हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के कुछ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। अनुसंधान जारी है। अब तक 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। विवाद के मद्देनजर नेमदारगंज में पुलिस कैंप कर रही है ताकि स्थिति नियंत्रित रहे।