विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में बीच सड़क युवक का अपहरण, पिस्तौल की नोक पर कपड़े उतरवाए; बनाया अश्लील वीडियो

Published: Thu, 05 Nov 2026 04:09 PM (IST)

बिहारशरीफ के दीपनगर में चार हथियारबंद बदमाशों ने बाइक सवार युवक सतीश कुमार का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। बदमाशों ने ...और पढ़ें

बिहार में बीच सड़क युवक का अपहरण, पिस्तौल की नोक पर कपड़े उतरवाए; बनाया अश्लील वीडियो

बिहार में बीच सड़क युवक का अपहरण, पिस्तौल की नोक पर कपड़े उतरवाए; बनाया अश्लील वीडियो

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद होते जा रहे हैं कि अब दिनदहाड़े लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।

ताजा मामला दीपनगर थाना क्षेत्र के एनएच-20 यानी बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन के कंचनपुर के समीप का है, जहां चार पहिया वाहन सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक बाइक सवार युवक को अगवा कर लिया।

इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई, कपड़े उतरवाकर हाथ में हथियार थमाते हुए वीडियो बनाया गया और जान से मारने की धमकी देकर बैंक खातों से 30 हजार रुपये निकलवा लिए गए। अपराधियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी।

पीड़ित गिरियक थाना क्षेत्र के मरकट्टा निवासी पप्पू राउत के 21 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार राउत है। वह वर्तमान में पावापुरी थाना क्षेत्र के पूरी गांव में मकान बनाकर रह रहे हैं और पावापुरी बाजार स्थित अपने परिवार की कपड़े की दुकान में हाथ बंटाते हैं।

पीड़ित सतीश कुमार ने बताया कि बुधवार की शाम वह बिहारशरीफ से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महानंदपुर-कंचनपुर मार्ग के पास चार पहिया वाहन सवार चार बदमाशों ने उनकी बाइक जबरन रुकवा दी।

बदमाशों ने पहले बाइक की किस्त बकाया होने का आरोप लगाते हुए उन्हें डराने की कोशिश की। जब युवक ने बताया कि बाइक नकद खरीदी गई है, तो बदमाशों ने पिस्तौल निकालकर उसकी कनपटी पर सटा दी।

इसके बाद बदमाश उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए। युवक की आंखों पर पट्टी बांध दी गई, ताकि वह रास्ता नहीं देख सके। अपराधी उसे किसी सुनसान स्थान पर ले गए, जहां हथियार के बल पर बेरहमी से मारपीट की गई।

पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने उससे दो बैंक खातों के एटीएम कार्ड और उनके पीन नंबर जबरन पूछ लिए। इसके बाद बिहारशरीफ ले जाकर दोनों खातों से कुल 30 हजार रुपये की निकासी कर ली।

इस पूरी वारदात का सबसे भयावह पहलू यह है कि बदमाशों ने युवक के कपड़े उतरवा दिए और उसके हाथ में हथियार थमाकर जबरन वीडियो बनाया। इसके बाद धमकी दी कि अगर उसने पुलिस में शिकायत की या किसी को घटना के बारे में बताया, तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा और उसे गोली मार दी जाएगी।

वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने युवक की आंखों पर दोबारा पट्टी बांधी और उसे एक सुनसान सड़क पर ले जाकर गाड़ी से नीचे धक्का दे दिया। इसके बाद उसकी बाइक की ओर इशारा करते हुए सीधे चले जाने को कहा और मौके से फरार हो गए।

मामले को लेकर दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि घटना से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एटीएम से हुई निकासी की लोकेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर मामले का उद्भेदन किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।