नालंदा में टाउन हॉल से कट्टे के साथ युवक गिरफ्तार, डीएसपी बोले- दुर्गा पूजा में दहशत फैलाने का था इरादा
परवलपुर के अलामा स्थित टाउन हॉल से पुलिस ने एक युवक को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा। ...और पढ़ें

कट्टे के साथ युवक गिरफ्तार
संवाद सूत्र, परवलपुर। परवलपुर थाना क्षेत्र के अलामा स्थित टाउन हॉल के प्रथम तल से पुलिस ने रविवार की रात एक युवक को देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान विजयपुरा गांव निवासी अजय प्रसाद के पुत्र गुलशन कुमार (18) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवक ने दुर्गा पूजा के दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से हथियार रखने की बात स्वीकार की है। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
सूचना पर हुई छापेमारी
डीएसपी कुमार ऋषिराज ने बताया कि 18 अक्टूबर की रात करीब 9:20 बजे थानाध्यक्ष रौशन कुमार को सूचना मिली कि अलामा टाउन हॉल के प्रथम तल पर एक युवक कमर में कट्टा रखे हुए है। आशंका थी कि वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकता है।
सूचना के बाद थानाध्यक्ष ने वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया और पुलिस टीम के साथ मौके पर छापेमारी की। इस दौरान संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया।
तलाशी में कट्टा और कारतूस बरामद
पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली तो युवक के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसने दुर्गा पूजा के दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से हथियार रखने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी
इस मामले में परवलपुर थाना में प्राथमिकी की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार युवक को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
सोमवार को हिलसा डीएसपी-2 ने परवलपुर थाना परिसर में प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष रौशन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विपिन पाल तथा सिपाही रंजन कुमार और अंकित स्वराज शामिल थे।
यह भी पढ़ें- नालंदा में संदिग्ध बाइक हटाने को कहा तो गोतिया के भतीजे ने मार दी गोली, ट्रांसपोर्टर की मौत
