उजमा नूर इंग्लैंड से बनीं बैरिस्टर-एट-लॉ, नालंदा की बेटी ने विदेश में फहराया परचम
बिहारशरीफ की उजमा नूर ने इंग्लैंड के प्रतिष्ठित लिंकन्स इन से बैरिस्टर-एट-लॉ की उपाधि प्राप्त की है।

नालंदा की उजमा नूर। (जागरण)
HighLights
उजमा नूर ने इंग्लैंड के लिंकन्स इन से बैरिस्टर-एट-लॉ की उपाधि प्राप्त की।
उनकी इस उपलब्धि से परिवार और नालंदा जिले में खुशी का माहौल है।
यह सफलता स्थानीय युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। नालंदा जिले के बिहारशरीफ की बेटी उजमा नूर ने इंग्लैंड के प्रतिष्ठित लिंकन्स इन से बैरिस्टर-एट-लॉ की उपाधि हासिल की है।
शुक्रवार को इंग्लैंड में आयोजित दीक्षांत समारोह में उन्हें यह उपाधि प्रदान की गई। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और जिले में खुशी का माहौल है।
उजमा नूर बिहारशरीफ के महलपर की निवासी हैं। वह डॉ. शाह जावेदी की पुत्री हैं। डॉ. शाह जावेदी अल्लामा इकबाल कॉलेज, बिहारशरीफ के संस्थापक-सचिव हैं।
उजमा ने सिटी सेंट जॉर्ज यूनिवर्सिटी, लंदन से एलएलएम तथा यूनिवर्सिटी ऑफ नॉटिंघम, इंग्लैंड से एलएलबी ऑनर्स की डिग्री प्राप्त की है।
इसके बाद उन्होंने लिंकन्स इन से बैरिस्टर-एट-लॉ की उपाधि हासिल कर अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ा है। उनकी सफलता को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
उजमा नूर की यह उपलब्धि स्थानीय युवाओं, विशेषकर कानून की पढ़ाई करने वाली छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानूनी शिक्षा के क्षेत्र में मिली इस सफलता से उन्होंने अपने परिवार के साथ बिहारशरीफ और नालंदा का नाम भी रोशन किया है।
