चाय की दुकान पर बच्चों के लिए दूध फ्री, बिहार के टुन्ना बाबा निभा रहे भाई की 35 साल पुरानी परंपरा
राजगीर बस स्टैंड पर टुन्ना बाबा की चाय की दुकान 35 वर्षों से जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क दूध पिलाने की ...और पढ़ें

झारखंड से राजगीर पहुंचीं महिला पर्यटक के बच्चो को दूध की बोतल देते रंजीत उर्फ टुन्ना बाबा। फाइल फोटो
HighLights
राजगीर में टुन्ना बाबा 35 साल से मुफ्त दूध बांट रहे।
यह सेवा उनके भाई श्रवण कुमार ने शुरू की थी।
प्रतिदिन 4 लीटर दूध जरूरतमंद बच्चों को पिलाया जाता है।
संवाद सहयोगी, राजगीर (नालंदा)। राजगीर बस स्टैंड स्थित चाय की एक दुकान। इस दुकान से जुड़ी हैं परंपरा, मानवता, करुणा और स्नेह। परिवार के एक सदस्य ने पहल की थी, कोई भी जरूरतमंद बच्चे के दूध के लिए उनकी दुकान पर आएगा तो फ्री देंगे। जरूरतमंद आने लगे।
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की एक कविता है बच्चों का दूध। एक पंक्ति है-दूध दूध ऐ गंगा तू ही अपने पानी को दूध बना दे...। तब की परिस्थितियों का चित्रण और गंगा से मनुहार। राजगीर के बस स्टैंड पर श्रवण चाय दुकान जैसे इसे सार्थक कर रही हो।
यह बात है 1990 की। श्रवण कुमार ने बच्चों को फ्री दूध देने की शुरुआत की थी। यह देखते हुए कि बस स्टैंड पर कई ऐसी माताएं आती हैं, जो अपने बच्चों को दूध पिलाने में सक्षम नहीं हैं।
इस बीच उनका निधन हो गया, पर जो शुरुआत उन्होंने की थी, वह बरकरार रही। उनके भाई रंजीत उर्फ टुन्ना बाबा ने इस पहल को आगे बढ़ाया।
खुद बुलाकर देते हैं दूध
जन्म से लेकर 18 माह तक के शिशु को यहां फ्री दूध दिया जाता है। प्रतिदिन लगभग चार लीटर दूध का वितरण हो जाता है। जिन्हें पता है वे तो दूध लेते ही हैं, जो जरूरतमंद हैं उन्हें देखते ही टुन्ना बाबा स्वयं दूध के लिए बोलते हैं। उन्होंने बताया कि भाई के निधन के बाद इस सेवा को जारी रखा।
तीन-चार लीटर दूध प्रतिदिन वितरण किया जाता है। पुरुषोत्तम मास के दौरान मेले में अलग स्टाल लगाकर लगभग दस लीटर दूध का वितरण प्रतिदिन किया जाता है। उस समय मेले में लोगों की भीड़ होती है।
बाहर से भी महिलाएं आती हैं, बच्चे आते हैं। यह सेवा लगभग 35 वर्षों से अनवरत जारी है। इस सेवा का लाभ नालंदा के अलावा देश के कई राज्यों और नेपाल से आने वाले परिवार भी उठा चुके हैं।
टुन्ना बाबा कहते हैं कि दूध लेने पहुंचने वाली माताओं से वे बस इतना ही कहते हैं, पहले इस नन्हे दोस्त को दूध पिलाइए, पैसे किसी जरूरी चीज के लिए रखिए।
यह भी पढ़ें- भागलपुर की लोककला को मिला बाजार, मंजूषा से सजे परिधानों की बढ़ी मांग, 200 महिलाओं को मिला रोजगार
