विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करोड़ों की साइबर ठगी से पटना में 3 आलीशान फ्लैट, मास्टरमाइंड के राज उगलते ही नालंदा में STF की बड़ी रेड

Published: Thu, 19 Nov 2026 09:02 AM (IST)

पटना एसटीएफ ने साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए नालंदा में दो ठिकानों पर छापामारी की। कथित ...और पढ़ें

नालंदा में दो ठिकानों पर STF की छापामारी (जागरण फोटो)

नालंदा में दो ठिकानों पर STF की छापामारी (जागरण फोटो)

HighLights

  1. एसटीएफ ने नालंदा में साइबर ठगी नेटवर्क पर छापेमारी की।

  2. कौशल कुमार की करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ।

  3. डिजिटल साक्ष्य और संदिग्ध दस्तावेज जांच एजेंसियों को मिले।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पटना एसटीएफ ने नालंदा में भी कार्रवाई तेज कर दी है। साइबर ठगी के कथित सरगना कौशल कुमार से पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर एसटीएफ की विशेष टीम ने मंगलवार शाम जिले में दो ठिकानों पर छापामारी की।

इस दौरान दीपनगर थाना क्षेत्र के बियाबानी गांव में निकुंज कुमार के आवास और लहेरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले स्थित एक ठिकाने की तलाशी ली गई। जांच एजेंसी को कार्रवाई के दौरान कई डिजिटल साक्ष्य और संदिग्ध दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब छह बजे पटना एसटीएफ के डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम बिहारशरीफ पहुंची। कार्रवाई में एसटीएफ के 15 जवानों के साथ स्थानीय पुलिस के करीब 30 कर्मी शामिल थे। टीम ने सबसे पहले बियाबानी गांव में निकुंज कुमार के आवास की घेराबंदी कर तलाशी ली।

वहीं, दूसरी टीम ने शिवपुरी मोहल्ले में छापामारी की। करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान दोनों स्थानों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रही।

पटना में तीन फ्लैट और बिहारशरीफ में मकान

इस पूरे मामले में साइबर ठगी के कथित सरगना कौशल कुमार की संपत्ति को लेकर भी बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों के अनुसार, ठगी से अर्जित रकम से पटना में तीन आलीशान फ्लैट और बिहारशरीफ में एक मकान खरीदे जाने की जानकारी मिली है।

इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर करोड़ों रुपये के निवेश की भी पड़ताल की जा रही है। एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की रकम किन बैंक खातों के माध्यम से स्थानांतरित की गई और अवैध कमाई को वैध दिखाने के लिए किन लोगों या संस्थानों का सहारा लिया गया।

मोबाइल और डिजिटल डेटा से खुल रहे नेटवर्क के राज

एसटीएफ के डीएसपी के अनुसार, कौशल कुमार से पूछताछ तथा उसके मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा की जांच में कई लोगों से संपर्क और उनकी कथित संलिप्तता के सुराग मिले हैं।

पूछताछ में सामने आए नामों के आधार पर अलग-अलग ठिकानों पर छापामारी की जा रही है। जांच एजेंसी गिरोह के सदस्यों के बैंक खातों, आय के स्रोत और पैसों के लेनदेन की कड़ियां जोड़ रही है।

परिजनों ने बेटे को निर्दोष बताया

इधर, बियाबानी गांव में निकुंज कुमार के घर छापामारी के बाद परिवार ने अपने बेटे को निर्दोष बताया है। निकुंज की मां रंजू देवी ने कहा कि उनके पति दिनेश कुमार सिंह बीएसएफ में कार्यरत हैं। उनका परिवार फिलिप्स कंपनी की एजेंसी और सैनिक कैंटीन का व्यवसाय करता है। इस वजह से ग्राहक उनके बैंक खाते में पैसे जमा करते हैं।

उन्होंने खातों में हुए संदिग्ध लेनदेन को कारोबारी गतिविधियों से जुड़ा बताते हुए साइबर ठगी के आरोपों से इनकार किया।

रंजू देवी ने कौशल कुमार को पहचानने से भी इनकार किया। उनका कहना है कि उनके परिवार का कौशल कुमार से कोई संबंध नहीं है और उनके बेटे को बेवजह इस मामले में फंसाया जा रहा है।

फिलहाल एसटीएफ पूरे नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों और संपत्ति के स्रोतों की जांच कर रही है। जांच के दायरे में आने वाले अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।