यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar News: सर्वधर्म तीर्थयात्रा संग पर्यटन और रोमांच के लिए चले आएं राजगीर, इको-फ्रेंडली टूरिज्म का नया केंद्र
Bihar Travel News बिहार के नालंदा जिले में स्थित राजगीर एक ऐतिहासिक शहर है। यह पर्यटन और तीर्थयात्रा का केंद्र है। यह शहर पांच पहाड़ियों और एक प्राचीन दीवार से घिरा हुआ है। इन दिनों यहां बना देश का पहला स्काई ग्लास ब्रिज और नेचर सफारी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। ब्रह्मकुंड परिसर में गर्म जलकुंड हैं और गुरु नानक गुरुद्वारा भी यहां स्थित है।

HighLights
- बिहार के राजगीर में इतिहास, रोमांच और आध्यात्मिकता का संगम
- नालंदा में साइक्लोपियन वाल के बीच टूरिज्म का भी नया केंद्र बना
रजनीकांत, बिहारशरीफ। बिहार में पर्यटन और सर्व धर्म तीर्थयात्रा की बात हो और राजगीर का नाम ना आए तो ऐसा हो ही नहीं सकता। यह शहर नालंदा जिले में हरियाली से भरी पांच पहाड़ियों और साइक्लोपियन वाल (सुरक्षा दीवार) के बीच बसा यह ऐतिहासिक शहर अब केवल धार्मिक या पुरातात्विक महत्व का ही नहीं, बल्कि आधुनिक एडवेंचर और इको-फ्रेंडली टूरिज्म का भी केंद्र बन गया है।
यहां के नेचर सफारी में भारत का पहला स्काई ग्लास ब्रिज व एडवेंचर स्पाट सैलानियों को अपनी ओर खींचते हैं। अगर आप राजगीर यात्रा का प्लान कर रहे हैं तो कम से कम दो से तीन दिन का समय निकालें। यहां आपके भ्रमण का कंप्लीट पैकेज विद्यमान है।
ब्रह्मकुंड परिसर में सात गर्म जलस्त्रोत
ब्रह्मकुंड परिसर में वर्ष भर चालू रहने वाले सात गर्म जलस्रोत में स्नान-ध्यान से तरोताजा होकर आप भ्रमण की शुरूआत कर सकते हैं। सनातन धर्मावलंबियों के लिए महत्वपूर्ण ब्रह्मकुंड के ठीक सामने भव्य गुरु नानक गुरुद्वारा है। यहां गुरुनानक देव का आगमन हुआ था।
.jpg)
मान्यता है कि स्थानीय लोगों के आग्रह पर उन्होंने एक कुंड के जल का स्पर्श कर उसे शीतल कर दिया था। जो आज शीतल कुंड कहलाता है। पांचों पहाड़ियों पर जैन धर्म के तीर्थंकरों के मंदिर बने हैं। राजगीर से 20 किमी दूर पावापुरी में ही 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर ने निर्वाण प्राप्त किया था।
वहां आज भी 84 बीघे के तालाब के बीचोंबीच जल मंदिर स्थापित है। बुद्ध के प्रिय प्रवास स्थल होने के कारण यह बौद्ध धर्मावलंबियों का तीर्थस्थल भी है। यहां का मखदुम कुंड मुस्लिमों की आस्था का केंद्र है।
सिद्धनाथ महादेव मंदिर और साइक्लोपियन वाल ऐतिहासिकता का प्रमाण
यहां वैभारगिरि के शिखर पर स्थित बाबा सिद्धनाथ महादेव मंदिर को महाभारतकालीन बताया जाता है। मंदिर की मोटी दीवारें और बारह सिद्ध स्तंभ इसकी ऐतिहासिकता को आज भी जीवंत रखे है। पुरातत्व व इतिहास में रुचि रखने वालों के लिए राजगीर की पांचों पहाड़ियों को चारों ओर से घेरकर बनाई गई साइक्लोपियन वाल शोध व आकर्षण का केंद्र है। कार्बन डेटिंग से इसके पत्थरों की आयु छह हजार वर्ष से भी पुरानी मिली है, जो चीन की दीवार से भी प्राचीन है।
.jpg)
स्काई ग्लास ब्रिज: हवा में चलने का रोमांच
राजगीर का स्काई ग्लास ब्रिज अब हर पर्यटक की ‘बकेट लिस्ट’ में शामिल है। 85 फीट लंबे और छह फीट चौड़े इस पारदर्शी बुलेटप्रूफ ब्रिज से 250 फीट गहरी खाई का दृश्य देखते समय रोंगटे खड़े हो जाते हैं। वहीं रोमांच पसंद लोगों को ऐसी अनुभूति होती है, मानो पंख लगने की देर है और वह पक्षी की तरह उन्मुक्त गगन में उड़ चलेंगे।

नेचर सफारी परिसर में 330 फीट लंबा सस्पेंशन ब्रिज हिलता, डोलता और रोमांच बढ़ाता है। जब इसपर लोग चहलकदमी करते हैं, तो यह और भी तेजी से दाएं-बाएं की ओर हिलता है। इस रोमांच से कई बार लोग डरकर पुल पर बैठ भी जाते हैं। वहीं जिप लाइन से 500 मीटर लंबी हवा की सैर कर पर्यटक पक्षियों सा उड़ने का एहसास पाते हैं।
कैंप एरिया और इको टूरिज्म का बेहतरीन मेल
नेचर सफारी में घूमने आने वालों के लिए फार्म हाउस में समय बिताने की भी व्यवस्था है। कैंप एरिया में लोगों के ठहरने के लिए बंबू (बांस) काटेज, मड (मिट्टी व खपरैल) काटेज व वुडेन (लकड़ी) काटेज बनाए गए हैं। यहां प्रकृति के सानिध्य में लोग फुर्सत के पल बिता सकते हैं। 191 हेक्टेयर में फैले इस जू सफारी में शेर, बाघ, तेंदुआ, भालू जैसे वन्यजीवों के साथ वर्ल्ड बर्ड एवियरी भी हैं।
.jpg)
घोड़ाकटोरा: झील के बीचोंबीच ध्यान मुद्रा में बुद्ध
चारों ओर पहाड़ी से घिरी घोड़ाकटोरा झील की शांति और सुंदरता अलौकिक है। बुद्धकालीन इस झील के बीचों-बीच 70 फीट ऊंची गुलाबी पत्थर से बनी भगवान बुद्ध की ध्यानचक्र मुद्रा में स्थापित प्रतिमा शांति का संदेश देती है। वहीं रत्नागिरी शिखर पर स्थित 160 फीट ऊंचे विश्व शांति स्तूप को जापान के धर्मगुरु निचिदात्सो फूजी गुरुजी ने बनवाया था।
.jpg)
यहां केबिन रोपवे भी संचालित है। धरोहर की तरह चेयर लिफ्ट का भी परिचालन किया जा रहा है। इसके अलावा यहां वेणुवन भी बेहद दर्शनीय है। राज्य सरकार ने यहां विभिन्न प्रजातियों के लगभग छह हजार बांस के नए पौधों का रोपण कर इसका सुंदरीकरण कराया। यहां आज भी तप मुद्रा में विराजमान भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष ध्यान मग्न होने पर अलौकिकता का अनुभव होता है।
कैसे पहुंचें राजगीर
राजगीर ट्रेन रूट से सीधे दिल्ली व पटना से जुड़ा है। पटना, गया और झारखंड से सड़क के माध्यम से अच्छी कनेक्टिविटी है। आप निजी व सार्वजनिक दोनों वाहनों से पहुंच सकते हैं। नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ से केवल 23 किलोमीटर दूर स्थित राजगीर तक सामान्य बस में भी सफर कर सकते है। ठहराव के लिए राजगीर में कई छोटे व बड़े होटल मौजूद है, जो आपकी जेब के हिसाब से भी उपलब्ध है। यहां आने के लिए बरसात और सर्दी का मौसम श्रेष्ठ है।