पावापुरी जल मंदिर में पहले 'निर्वाण लाडू' के लिए लगी ₹5.11 लाख की बोली, दूसरे के लिए लगी ₹2.21 लाख की बोली
पावापुरी में भगवान महावीर के 2552वें निर्वाण महोत्सव पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ा, जहां विश्वप्रसिद्ध जल मंदिर में निर्वाण लाडू अर्पित करने के लिए लाखों की बोली लगी।

HighLights
पावापुरी में भगवान महावीर का 2552वां निर्वाण महोत्सव मनाया गया।
पहले निर्वाण लाडू के लिए 5.11 लाख रुपये की बोली लगी।
श्रद्धालुओं ने भक्तिमय शोभायात्रा निकालकर लाडू अर्पित किए।
संवाद सूत्र, गिरियक। भगवान महावीर की निर्वाण स्थली पावापुरी में 2552वें निर्वाण महोत्सव पर श्रद्धा और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। विश्वप्रसिद्ध जल मंदिर में भगवान महावीर के चरणों में पहला निर्वाण लाडू अर्पित करने के लिए पांच लाख 11 हजार 151 रुपये की बोली लगी।
मुंबई निवासी जमुना लाल हपावत व कमलेश जैन को प्रथम निर्वाण लाडू चढ़ाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। वहीं, दूसरे निर्वाण लाडू के लिए चेन्नई निवासी निर्मला शोभा धारीवाल ने दो लाख 21 हजार रुपये की बोली लगाई। उन्हें दूसरा लाडू अर्पित करने का अवसर मिला।
तीसरा निर्वाण लाडू लखनऊ निवासी आध्यात्मिक जैन के पुत्र चिरंजीवी सम्यक जैन की ओर से अर्पित किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे दिगंबर जैन श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा।
निर्वाण लाडू अर्पित करने की परंपरा में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भगवान महावीर के चरणों में लाडू समर्पित करने को श्रद्धालु अपने लिए बड़े सौभाग्य और पुण्य का अवसर मानते हैं।
दिगंबर जैन मंदिर से निकली शोभायात्रा
निर्वाण महोत्सव के अवसर पर दिगंबर जैन समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा दिगंबर जैन मंदिर से प्रारंभ होकर जल मंदिर पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में जैन धर्मावलंबी शामिल हुए। भगवान महावीर के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालु भजन-कीर्तन और जयघोष करते हुए जल मंदिर पहुंचे। यहां विधि-विधान के साथ भगवान महावीर के चरणों में निर्वाण लाडू अर्पित किए गए। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने उनके अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और करुणा के संदेश को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
आस्था और समर्पण का प्रतीक है निर्वाण लाडू
पावापुरी जल मंदिर में निर्वाण लाडू अर्पित करने की परंपरा का जैन धर्म में विशेष महत्व है। कार्तिक अमावस्या के दिन भगवान महावीर के निर्वाण दिवस की स्मृति में यह आयोजन किया जाता है।
प्रथम निर्वाण लाडू अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं के बीच बोली लगाई जाती है। इसमें प्राप्त होने वाला अवसर जैन समाज के लोग अपने लिए आध्यात्मिक सौभाग्य मानते हैं।
निर्वाण लाडू का वजन एक किलो से लेकर करीब 51 किलो तक होता है। इन्हें तैयार करने में शुद्धता और धार्मिक परंपराओं का विशेष ध्यान रखा जाता है। शुद्ध घी और निर्धारित विधि से तैयार लाडू भगवान महावीर को समर्पित किए जाते हैं।
विश्वभर के जैन श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है पावापुरी
नालंदा जिले का पावापुरी जैन धर्म का प्रमुख अंतरराष्ट्रीय तीर्थस्थल है। मान्यता है कि इसी पवित्र भूमि पर जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर ने निर्वाण प्राप्त किया था। इसी कारण कार्तिक अमावस्या को यहां विशेष धार्मिक आयोजन होता है।
विशाल जलाशय के बीच सफेद संगमरमर से निर्मित जल मंदिर पावापुरी की विशिष्ट पहचान है। मंदिर तक पहुंचने के लिए जलाशय के बीच बने पुल से होकर गुजरना पड़ता है। इसकी अद्भुत स्थापत्य कला और आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है।
निर्वाण महोत्सव के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के दर्शन कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।