टेम्पो पलटने से एक की मौत, चार गंभीर घायल
नालंदा। बिहार थाना क्षेत्र के नकटपुरा गांव के समीप बने पुल से एक अनियंत्रित ऑटो टकरा गई। जिसमें एक य
नालंदा। बिहार थाना क्षेत्र के नकटपुरा गांव के समीप बने पुल से एक अनियंत्रित ऑटो टकरा गई। जिसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गयी और 4 लोग गंभीर जख्मी हो गये। जानकारी के अनुसार ऑटो बरबीघा से यात्रियों को लेकर बिहारशरीफ की ओर आ रही थी। ऑटो पर करीब दस से बारह लोग सवार थे। इसी बीच गाड़ी जब बिहार थाना क्षेत्र के नकटपुरा गांव के समीप पहुंची तो सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल से चकमा खा गई और पुल से टकराकर पलट गई। स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो में सवार यात्रियों को बाहर निकाला गया। जिसमें अजय कुमार की मौत हो गयी। अजय पटना जिला के पंडारक थाना के मौसमा गांव का रहने वाला था और बिहारशरीफ के रामचंद्रपुर मोहल्ला में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। छठ पर्व के दौरान वह अपने घर गया हुआ था और बिहारशरीफ लौट रहा था। इस घटना में रहुई थाना के सैदल्ली गांव निवासी जवाहर यादव की पत्नी सोनी देवी, पुत्री सरिता कुमारी, पुत्र रवि कुमार गंभीर जख्मी हो गए। सोनी देवी छठ पर्व में अपने मायके जीराईन गयी हुई थी। अन्य यात्रियों को हल्की चोट आई। घायलों को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल लाया गया। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।