सात सेकेंड ने तोड़ा पदक का सपना, नालंदा की सुहानी ने ईस्ट जोन साइकिलिंग में जीता सबका दिल
नालंदा की साइकिल खिलाड़ी सुहानी ने ओडिशा के संबलपुर में आयोजित ईस्ट जोन रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। वह सिर्फ सात सेकंड के अंतर से पदक जीतने से चूक गईं, लेकिन अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया और ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए मिसाल बनीं।

आखिरी क्षण तक पदक की दौड़ में बनी रहीं सुहानी
HighLights
ईस्ट जोन साइकिलिंग में सुहानी ने शानदार प्रदर्शन कर दिल जीता।
पदक से मात्र सात सेकंड के अंतर से चूक गईं सुहानी।
ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए बनीं मिसाल, मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण।
संवाद सूत्र, चंडी(नालंदा)। नालंदा जिले के चंडी की साइकिल खिलाड़ी सुहानी ने ओडिशा के संबलपुर में आयोजित ईस्ट जोन रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। हालांकि, वह महज सात सेकेंड के अंतर से पदक हासिल करने से चूक गईं।
इतने कम अंतर से पदक की दौड़ से बाहर होने के बावजूद सुहानी ने अपने प्रदर्शन से खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया है। जिले में उनकी उपलब्धि की चर्चा हो रही है।
आखिरी क्षण तक पदक की दौड़ में बनी रहीं सुहानी
संबलपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में पूर्वी भारत के कई राज्यों के बेहतरीन साइकिलिस्टों ने हिस्सा लिया था। मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण रहा। सुहानी ने शुरुआत से ही तेज रफ्तार और संतुलित रणनीति के साथ रेस में अपनी जगह बनाए रखी। उन्होंने अनुभवी खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती दी और अंतिम चरण तक पदक की दौड़ में बनी रहीं। हालांकि, फिनिशिंग लाइन पर महज सात सेकेंड के अंतर से पिछड़ गईं।
सात सेकेंड का अंतर बना पदक और चौथे स्थान के बीच की वजह
जिला साइकिलिंग एसोसिएशन के सचिव प्रमोद कुमार ने बताया कि सुहानी का प्रदर्शन बेहद सराहनीय रहा। पहली बार इतने बड़े मंच पर प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए उन्होंने अनुभवी खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दी। उन्होंने कहा कि सात सेकेंड का अंतर भले ही छोटा दिखाई देता है, लेकिन इस स्तर की प्रतियोगिता में यही अंतर पदक और चौथे स्थान के बीच का फर्क बन जाता है।
ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए सुहानी बनीं मिसाल
प्रमोद कुमार ने कहा कि सुहानी ने केवल चंडी ही नहीं, बल्कि पूरे नालंदा जिले का नाम रोशन किया है। उनके प्रदर्शन से साबित होता है कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की क्षमता है।
जरूरत है तो सिर्फ बेहतर प्रशिक्षण, सही मार्गदर्शन और पर्याप्त अवसर की। एसोसिएशन की ओर से सुहानी को आगे और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
सुहानी की उपलब्धि से दूसरे खिलाड़ियों में बढ़ा उत्साह
सुहानी के प्रदर्शन से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों में भी नया उत्साह देखने को मिल रहा है। जो बच्चे अब तक साइकिलिंग को केवल शौक के रूप में देखते थे, वे इसे करियर के विकल्प के रूप में भी समझने लगे हैं। प्रतियोगिता से लौटने पर चंडी में लोगों ने सुहानी का हौसला बढ़ाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हार नहीं, बल्कि बड़ी जीत की शुरुआत है।
अगली प्रतियोगिता में पदक जीतने की तैयारी
साइकिलिंग एसोसिएशन का कहना है कि आने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में नालंदा के खिलाड़ी और बेहतर प्रदर्शन करेंगे। सुहानी को संबलपुर प्रतियोगिता से मिले अनुभव का लाभ आगामी मुकाबलों में मिलेगा।
एसोसिएशन उनके प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देगा। सात सेकेंड से पदक चूकने वाली सुहानी अब अगले मुकाबले में इस कमी को पूरा करने के इरादे से तैयारी करेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।