विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नालंदा में बिजली के तारों से निकली चिंगारी ने छीना किसानों का निवाला, 40 बीघे में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख

Published: Sat, 04 Apr 2026 12:27 AM (IST)

नालंदा के परवलपुर थाना क्षेत्र के भसिंगपुर और कटहरी बिगहा गांवों में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग ...और पढ़ें

40 बीघे में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख

40 बीघे में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख

HighLights

  1. नालंदा में बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग।

  2. 40 बीघे में लगी गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट।

  3. किसानों ने मुआवजे और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।

संवाद सूत्र, परवलपुर। थाना क्षेत्र के भसिंगपुर और कटहरी बिगहा गांव में गुरुवार को बिजली के शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस घटना में दोनों गांवों के लगभग 40 बीघे में लगी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

ग्रामीणों और किसानों के अनुसार, क्षेत्र में गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार तेज हवा के कारण आपस में टकरा गए, जिससे चिंगारी निकली और पास के गेहूं के खेत में गिर गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और खेतों में तेजी से फैल गई। 

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया

आग लगने के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। ग्रामीण व किसान तुरंत खेतों की ओर दौड़े और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास करने लगे। कुछ लोग पानी डालने लगे, तो कुछ मिट्टी फेंककर आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। लेकिन, तेज हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

इस बीच, ग्रामीणों ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक काफी बड़ा क्षेत्र जलकर बर्बाद हो चुका था।

 क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग

इस अगलगी की घटना में भसिंगपुर गांव के कई किसानों की फसल जलकर नष्ट हो गई। किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है, यह कहते हुए कि आग प्राकृतिक आपदा के साथ-साथ बिजली विभाग की लापरवाही का परिणाम है। 

ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा देने की अपील की है, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।