विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में ट्रेन भी फंसती है जाम में! सड़क पर वाहनों की भीड़ ने रोक दी मेमू की रफ्तार

Published: Sat, 21 Nov 2026 08:49 AM (IST)

नालंदा के सोहसराय हाल्ट पर रेलवे क्रॉसिंग पर लगे भीषण जाम के कारण एक मेमू ट्रेन 15 मिनट तक फंसी रही, जिससे परिचालन बाधित हुआ। 

राजगीर-बख्तियारपुर रेलखंड के सोहसराय हाल्ट पर क्राॅसिंग के पास रुकी ट्रेन। जागरण

राजगीर-बख्तियारपुर रेलखंड के सोहसराय हाल्ट पर क्राॅसिंग के पास रुकी ट्रेन। जागरण

HighLights

  1. मेमू ट्रेन 15 मिनट तक जाम में फंसी रही।

  2. सोहसराय हाल्ट पर वाहन रेलवे ट्रैक पर फंसे।

  3. आरपीएफ और पुलिस ने ट्रैक खाली कराकर परिचालन शुरू किया।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। सड़क पर जाम लग जाए तो गाड़ियों की लंबी कतार लगना आम बात है, लेकिन जब जाम की वजह से ट्रेन ही रास्ते में रुक जाए तो हैरानी होना लाजिमी है।

नालंदा के सोहसराय हाल्ट के पास शुक्रवार सुबह कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। रेलवे क्रासिंग पर लगे जाम में वाहन इस कदर फंस गए कि राजगीर-बख्तियारपुर मेमू ट्रेन को करीब 15 मिनट तक ट्रैक पर ही इंतजार करना पड़ा।

क्रासिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी थी। इसी बीच कुछ वाहन रेलवे ट्रैक पर भी फंस गए। इससे ट्रेन का परिचालन बाधित हो गया।

सूचना मिलने पर आरपीएफ के जवान और रहुई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक से वाहनों को हटवाया गया, तब जाकर मेमू ट्रेन आगे बढ़ सकी।

शादी-विवाह के मौसम में बढ़ रही परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार, इन दिनों लग्न और शादी-विवाह का मौसम चल रहा है। इस कारण सोहसराय हाल्ट के पास रेलवे क्रासिंग पर अक्सर जाम लग रहा है।

एक-दो दिन के अंतराल पर लोगों को इस समस्या से जूझना पड़ता है। जाम में सड़क पर चलने वाले वाहनों के साथ-साथ ट्रेन के यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

फाटक खुलते ही निकलने की होड़, ट्रैक पर फंस जाते हैं वाहन

बिहारशरीफ के स्टेशन प्रबंधक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि सोहसराय हाल्ट पर ठहराव वाली ट्रेन के गुजरने के दौरान क्रासिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।

ट्रेन गुजरने के बाद जैसे ही रेलवे फाटक खुलता है, वाहन चालक पहले निकलने की होड़ में लग जाते हैं। इसी जल्दबाजी में कई बार वाहन रेलवे ट्रैक पर ही फंस जाते हैं।

ऐसी स्थिति में फाटक को दोबारा बंद करना मुश्किल हो जाता है और अगली ट्रेन को इंतजार करना पड़ता है। स्टेशन प्रबंधक के अनुसार, जिन ट्रेनों का सोहसराय हाल्ट पर ठहराव नहीं होता, उनके गुजरने के दौरान ऐसी स्थिति कम बनती है।

शुक्रवार को भी जाम के कारण ट्रेन के फंसने की सूचना मिलने पर आरपीएफ ने पुलिस के सहयोग से ट्रैक खाली कराया। इसके बाद परिचालन सामान्य हो सका।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।