विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नालंदा सिपाही मौत कांड में बड़ा खुलासा: तस्करों की गोली नहीं, अपने ही जवान की राइफल से गई सिपाही की जान

Published: Fri, 16 Oct 2026 10:12 PM (IST)

नालंदा में उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार की मौत शराब तस्करों की गोली से नहीं, बल्कि अपनी ही टीम ...और पढ़ें

एसपी हृदयकांत और सिपाही अजीत कुमार की फाइल फोटो

एसपी हृदयकांत और सिपाही अजीत कुमार की फाइल फोटो

HighLights

  1. सिपाही अजीत की मौत अपनी टीम की गोली से हुई।

  2. शराब तस्करों की फायरिंग का दावा झूठा निकला।

  3. दारोगा पुष्पा कुमारी समेत पांच आरोपित गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। नालंदा में उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार की मौत के मामले में विभाग की शुरुआती कहानी झूठी निकली। शराब तस्करों की फायरिंग में सिपाही की मौत होने का दावा किया गया था, लेकिन जांच में सामने आया कि अपनी ही टीम के होमगार्ड की राइफल से चली गोली लगने से अजीत की जान गई थी।

मामले में उत्पाद विभाग की दारोगा पुष्पा कुमारी और दो होमगार्ड समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। एसपी हृदयकांत ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी।

घटना के बाद कहानी पर उठे सवाल

शराब की खेप लेकर जा रहे वाहन का पीछा करने के दौरान अजीत को गोली लगी थी। गंभीर हालत में उन्हें पावापुरी स्थित विम्स में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

शुरुआत में दावा किया गया था कि शराब तस्करों की गोली से अजीत घायल हुए थे। जांच में यह दावा गलत निकला तो टीम में शामिल कर्मियों की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई।

वरीय अधिकारियों को सूचना देने में देरी

जांच में घटना के तत्काल बाद वरीय अधिकारियों को सूचना देने में देरी का मामला भी सामने आया है। आरोप है कि स्थानीय पुलिस को घटना की वास्तविक परिस्थितियों से तत्काल अवगत नहीं कराया गया।

टीम के नालंदा से बाहर निकलने के बाद फोन पर सिपाही के शराब तस्करों की गोलीबारी में घायल होने की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर संबंधित कर्मियों से पूछताछ की।

एसआईटी खंगाल रही घटना की कड़ियां

एसपी हृदयकांत ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। टीम गोली चलने की परिस्थितियों, घटना के बाद दी गई जानकारी और संबंधित कर्मियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

शराब की खेप लेकर जा रहे वाहन और उससे जुड़े लोगों की पहचान भी की जा रही है। जांच के सिलसिले में टीम के झारखंड जाने की बात भी सामने आई थी।

कथित प्रेम प्रसंग के पहलू की भी पड़ताल

मामले में मृतक सिपाही और महिला दारोगा पुष्पा कुमारी के बीच कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एसपी ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बिहार के नालंदा में शराब लदी पिकअप का पीछा कर रही उत्पाद टीम पर फायरिंग, गोली लगने से सिपाही की मौत