विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के नालंदा में शराब लदी पिकअप का पीछा कर रही उत्पाद टीम पर फायरिंग, गोली लगने से सिपाही की मौत

Published: Thu, 15 Oct 2026 09:33 AM (IST)

नालंदा में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम पर फायरिंग हुई, जिसमें सिपाही अजीत कुमार की गोली लगने से मौत हो गई।

HighLights

  1. नालंदा में शराब तस्करों ने उत्पाद टीम पर की फायरिंग।

  2. गोली लगने से सिपाही अजीत कुमार की हुई मौत।

  3. शराब लदी पिकअप का पीछा करते हुए हुई घटना।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। नालंदा जिले में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने उत्पाद विभाग की टीम पर फायरिंग कर दी। बुधवार की रात पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के समीप हुई इस घटना में गोली लगने से उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पहले पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि की है। घटना के बाद उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुट गई हैं।

शराब लदी पिकअप का पीछा करने के दौरान फायरिंग

उत्पाद अधीक्षक के अनुसार, पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) को गुप्त सूचना मिली थी कि पिकअप वैन के जरिए शराब की बड़ी खेप नालंदा जिले में लाई जा रही है। 

सूचना के मुताबिक, वाहन खराट मोड़ के रास्ते नालंदा की ओर बढ़ रहा था। इसके बाद पटना से आई ईआईबी की टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ मिलकर कार्रवाई शुरू की।

फ्लाईओवर के समीप अचानक फायरिंग

टीम पिकअप को रोकने और घेरने के लिए पीछा कर रही थी। इसी दौरान पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के समीप अचानक फायरिंग हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब तस्करों के लिए रेकी कर रहे लाइनर ने टीम पर गोली चलाई, जो सिपाही अजीत कुमार को लग गई। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े।

फायरिंग के बाद वाहन समेत फरार हुए आरोपित

गोलीबारी के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसका फायदा उठाकर शराब तस्कर और कथित लाइनर पिकअप वाहन समेत फरार हो गए। घायल सिपाही को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। पावापुरी में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीएमसीएच रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम पटना में कराया जा रहा है।

हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि कार्रवाई पटना से आई विशेष ईआईबी टीम के नेतृत्व में की जा रही थी। घटना के बाद उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। हाईवे और आसपास के रास्तों पर नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सिपाही की मौत से पुलिस और उत्पाद विभाग के महकमे में हड़कंप मच गया है।

यह भी पढ़ें- बिहार के आरा में क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष का मर्डर, शरीर पर मिले 8 गोलियों के निशान