नालंदा: मायके से लौट रही मां-बेटी को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
परवलपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटी घायल हो गईं। ...और पढ़ें

मायके से लौट रही मां-बेटी को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
HighLights
अज्ञात वाहन ने बाइक सवार मां-बेटी को टक्कर मारी।
गंभीर रूप से घायल मां की पटना में मौत हुई।
बेटी को मामूली चोटें आईं, परिवार में मातम।
संवाद सूत्र, परवलपुर। परवलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटी घायल हो गईं। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल मां की इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना परवलपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के समीप घटी। थरथरी थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव निवासी 45 वर्षीय तारा कुमारी, पति हरेंद्र कुमार, अपनी 19 वर्षीय पुत्री स्वाति कुमारी के साथ अपने मायके हासेपुर से एक रिश्तेदार के साथ बाइक पर सवार होकर लौट रही थीं। इसी दौरान मिर्जापुर के पास एक अज्ञात वाहन ने ओवरटेक करने के क्रम में बाइक को टक्कर मार दी।
बाइक पर सवार मां-बेटी सड़क पर गिर गई
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार मां-बेटी सड़क पर गिर गई। हादसे में बेटी स्वाति कुमारी को हल्की चोटें आईं, जबकि तारा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परवलपुर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तारा कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बिहारशरीफ रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान मौत हो गई
बिहारशरीफ में भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हादसे में बाइक चालक बाल-बाल बच गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।
बताया जाता है कि मृतका तारा कुमारी के चार पुत्रियां और एक पुत्र हैं, जिनमें से दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
