विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक रात में 8-10 घरों की पूजा की बुकिंग, श्राद्ध भोज के लिए नहीं मिले ब्राह्मण; नालंदा के गांवों में नई चर्चा

Published: Mon, 09 Nov 2026 07:02 PM (IST)

नालंदा के चंडी गांव में लक्ष्मी पूजा और श्राद्ध भोज एक ही दिन पड़ने से ब्राह्मणों की कमी हो गई। ...और पढ़ें

आठ-दस घरों में पूजा की बुकिंग, श्राद्ध वाले परिवार करते रहे इंतजार

आठ-दस घरों में पूजा की बुकिंग, श्राद्ध वाले परिवार करते रहे इंतजार

HighLights

  1. लक्ष्मी पूजा और श्राद्ध एक ही दिन, ब्राह्मणों की कमी।

  2. ब्राह्मणों ने लक्ष्मी पूजा को दी प्राथमिकता, श्राद्ध प्रभावित।

  3. दक्षिणा बनी मुख्य कारण, गांवों में नई चर्चा।

संवाद सूत्र, चंडी (नालंदा)। एक तरफ लक्ष्मी पूजा की धूम और दूसरी तरफ पितरों के निमित्त होने वाले श्राद्ध भोज में ब्राह्मणों का इंतजार। चंडी और आसपास के गांवों में इस बार एक ही तिथि पर लक्ष्मी पूजा और श्राद्ध पड़ने से ऐसी स्थिति देखने को मिली, जिसने गांवों में नई चर्चा छेड़ दी। लक्ष्मी पूजा के लिए ब्राह्मणों की पहले से बुकिंग हो गई, लेकिन श्राद्ध भोज के लिए परिवारों को ब्राह्मण खोजने में परेशानी उठानी पड़ी।

कहीं निर्धारित समय पर ब्राह्मण नहीं पहुंचे तो कहीं उनकी जगह बच्चों को भोजन के लिए भेज दिया गया। कई परिवारों ने कम ब्राह्मणों से ही श्राद्ध की परंपरा पूरी की। इस स्थिति ने आस्था, परंपरा और दक्षिणा के बीच बदलती प्राथमिकताओं को चर्चा में ला दिया।

आठ-दस घरों में पूजा की बुकिंग, श्राद्ध वाले परिवार करते रहे इंतजार

श्राद्ध पक्ष में पितरों की शांति और तृप्ति के लिए ब्राह्मण भोज कराने की परंपरा रही है। इसी मान्यता के तहत कई परिवारों ने पहले से ब्राह्मणों को निमंत्रण दे रखा था। लेकिन लक्ष्मी पूजा और श्राद्ध एक ही दिन पड़ने के कारण स्थिति बदल गई।

कई ब्राह्मण लक्ष्मी पूजा कराने में व्यस्त हो गए। बताया गया कि किसी ने आठ तो किसी ने दस घरों में पूजा कराने की जिम्मेदारी पहले से ले रखी थी। एक ही रात में कई घरों में पूजा कराने से बेहतर दक्षिणा मिलने की संभावना भी इसकी वजह बताई गई। इसका असर श्राद्ध भोज की व्यवस्था पर पड़ा।

कहीं चार-पांच बच्चे पहुंचे, कहीं दोपहर तक नहीं आए ब्राह्मण

चंडी के दयालपुर में आचार्य संजय शांडिल्य की मां के श्राद्ध में रविवार को अपेक्षा से कम ब्राह्मण पहुंचे। वहीं, नगरनौसा प्रखंड के लक्ष्मी बिगहा में वीरेंद्र कुमार की मां की बारहवीं पर ब्राह्मण भोज के लिए केवल चार-पांच बच्चे पहुंचे।

बताया गया कि पुरोहित नहीं पहुंचे थे। आसपास के अन्य गांवों से भी इसी तरह की स्थिति सामने आने की चर्चा रही। कई परिवारों को दोपहर तक ब्राह्मणों के आने का इंतजार करना पड़ा। कुछ लोगों ने एक-दो ब्राह्मणों से ही श्राद्ध भोज की परंपरा पूरी की।

दक्षिणा बनी प्राथमिकता, बुजुर्गों ने जताई चिंता

चंडी के दयालपुर निवासी बुजुर्ग कामेश्वर सिंह और राजेंद्र सिंह ने इस स्थिति को बदलते समय का संकेत बताया। उनका कहना था कि अब धार्मिक आयोजनों में भी प्राथमिकता तय करने में दक्षिणा की भूमिका बढ़ती दिखाई दे रही है।

लक्ष्मी पूजा के दौरान एक ही रात में कई घरों में पूजा कराने से अच्छी दक्षिणा मिल जाती है। ऐसे में कुछ ब्राह्मणों ने श्राद्ध भोज के निमंत्रण की जगह लक्ष्मी पूजा को प्राथमिकता दी। इससे श्राद्ध करने वाले परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

ब्राह्मणों की अपनी दलील, लक्ष्मी पूजा का मुहूर्त टालना संभव नहीं

दूसरी ओर, ब्राह्मणों का तर्क है कि लक्ष्मी पूजा का मुहूर्त निश्चित होता है और उसे टाला नहीं जा सकता। जबकि श्राद्ध भोज के आयोजन के समय में कुछ लचीलापन रहता है। इसी वजह से उन्होंने पहले लक्ष्मी पूजा को प्राथमिकता दी। उनका कहना था कि दोनों धार्मिक आयोजन एक ही दिन पड़ने से समय का तालमेल बैठाना मुश्किल हो गया था।

गांवों में चर्चा का विषय बनी परंपरा और प्राथमिकता की टकराहट

इस पूरे घटनाक्रम के बाद चंडी और आसपास के गांवों में धार्मिक परंपराओं को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। एक ओर लक्ष्मी पूजा के लिए ब्राह्मणों की मांग बनी रही तो दूसरी ओर श्राद्ध भोज कराने वाले परिवारों को उनकी कमी से जूझना पड़ा।

लोगों के बीच सवाल उठ रहा है कि धार्मिक आयोजनों में समय और दक्षिणा की प्राथमिकता क्या अब परंपराओं पर भी असर डाल रही है? इस बार गांवों में एक ही तिथि पर पड़े दोनों आयोजनों ने इस बदलती तस्वीर को सामने ला दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।