नालंदा में मां से बदसलूकी का सदमा नहीं पाई बेटी, खेत विवाद के बाद रहस्यमयी मौत से सनसनी
खुदागंज थाना क्षेत्र के अर्जुन सरथुआ गांव में 21 वर्षीय खुशी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मां ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
खुदागंज में 21 वर्षीय युवती खुशी कुमारी की संदिग्ध मौत।
मां से खेत विवाद के बाद लापता हुई थी युवती।
गहरे जलस्रोत से शव बरामद, पुलिस जांच जारी।
संवाद सूत्र, इस्लामपुर। खुदागंज थाना क्षेत्र के अर्जुन सरथुआ गांव में एक 21 वर्षीया युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार से लापता युवती का शव रविवार की देर रात को गांव के खंधा स्थित एक गहरे जलस्रोत से बरामद किया गया।
मृतका अर्जुन सरथुआ गांव निवासी शन्तन चौरसिया की 21 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मां के साथ हुई थी बदसलूकी
जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह करीब छह बजे खुशी कुमारी अपनी मां विमला देवी के साथ पान के खेत में सिंचाई करने गई थी। इसी दौरान परिवार के गोतिया पक्ष के लोग भी वहां पहुंचे और पहले अपने खेत की सिंचाई करने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज की स्थिति उत्पन्न हो गई। मृतका की मां ने पुलिस को दिए आवेदन में दूसरे पक्ष पर दुर्व्यवहार और हाथापाई का आरोप लगाया है।
पोस्ट के जरिए बयां की फीलिंग्स
स्वजन ने कहा कि खेत में हुए विवाद के बाद खुशी काफी परेशान और गुमसुम थी। रात में खाना खाने के बाद वह सोने चली गई। रविवार की सुबह जब स्वजन की नींद खुली तो खुशी घर में नहीं मिली। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों, घरों और खेतों में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसी बीच उसके मोबाइल फोन से इंटरनेट मीडिया पर किए गए एक भावुक पोस्ट की जानकारी स्वजन को मिली। पोस्ट में युवती ने परिवार से जुड़ी परेशानियों और मानसिक तनाव का जिक्र किया था। इसके बाद स्वजन ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
मामला दर्ज कर जांच शुरू
थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार गहलोत ने बताया कि खुशी की मां दोपहर में थाने पहुंची थीं और खेत में हुए विवाद के बाद बेटी के लापता होने की सूचना दी थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सनहा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम गांव पहुंची और विवाद से जुड़े लोगों से पूछताछ की।
पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि ग्रामीणों से सूचना मिली कि गांव के खंधा में स्थित एक गहरे पानी भरे गड्ढे में युवती का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों एवं गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। शव की पहचान खुशी कुमारी के रूप में हुई।
होनहार थी खुशी
मृतका के भाई विकास कुमार और चचेरे चाचा सोनू प्रसाद ने बताया कि खुशी परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण थी। उन्होंने कहा कि पिता की तबीयत ठीक नहीं रहने के कारण घर और पान की खेती से जुड़ी कई जिम्मेदारियां खुशी संभालती थी। स्वजन ने बताया कि वह पढ़ाई में भी अच्छी थी और पुलिस भर्ती परीक्षा में भी शामिल हुई थी।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
