कभी छूट गई थी पढ़ाई, अब मैट्रिक पास कर नालंदा की 35 जीविका दीदियों ने रचा इतिहास
नालंदा की 35 जीविका दीदियों ने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है, जिसमें 18 ने प्रथम श्रेणी हासिल की।

सफल दीदीयों को संबोधित करते अधिकारी। जागरण
HighLights
नालंदा की 35 जीविका दीदियों ने मैट्रिक परीक्षा में सफलता पाई।
पिंकी देवी ने 398 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर का गौरव हासिल किया।
जीविका दीदियों ने साबित किया पढ़ाई के लिए कोई उम्र नहीं।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। पारिवारिक जिम्मेदारियों और आर्थिक परिस्थितियों के कारण कभी जिन महिलाओं की पढ़ाई अधूरी रह गई थी, उन्होंने उम्र के दूसरे और तीसरे पड़ाव में फिर से कलम थामी।
मेहनत और लगन के दम पर मैट्रिक के समकक्ष परीक्षा पास कर साबित कर दिया कि पढ़ाई और सपनों को पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती।
बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE), पटना की ओर से आयोजित मैट्रिक परीक्षा में नालंदा की जीविका दीदियों ने शानदार प्रदर्शन किया है।
18 ने हासिल की प्रथम श्रेणी
जिले की 35 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। इनमें 18 महिलाएं प्रथम और 17 द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुई हैं। परवलपुर प्रखंड की पिंकी देवी ने 500 में 398 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है।
उन्हें 79.6 प्रतिशत अंक मिले हैं। वहीं, बिहारशरीफ की निभा कुमारी 358 अंक (71.6 प्रतिशत) लाकर दूसरे स्थान पर रहीं। बिहारशरीफ की ही अनार देवी ने 340 अंक (68 प्रतिशत) प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया है।
35 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल, सभी सफल
जिले में कुल 48 अभ्यर्थियों का रिकॉर्ड दर्ज है। इनमें 35 महिलाएं परीक्षा में शामिल हुई थीं और सभी ने सफलता हासिल की। जबकि 13 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सकीं।
प्रमुख सफल अभ्यर्थियों में सिलाव की एक दीदी ने 344 अंक और बिहारशरीफ की तनुजा कुमारी ने 339 अंक प्राप्त किए हैं।
कई प्रखंडों की जीविका दीदियां सफल
बिहारशरीफ, परवलपुर, सिलाव, अस्थावां, हरनौत, राजगीर, गिरियक, नूरसराय, थरथरी और बेन प्रखंड की जीविका दीदियों ने भी सफलता का परचम लहराया है।
बचपन में पारिवारिक जिम्मेदारियों और आर्थिक तंगी समेत कई परिस्थितियों के कारण इन महिलाओं की पढ़ाई बीच में ही छूट गई थी।
घर-परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने लंबे समय तक अपनी पढ़ाई के सपने को पीछे रखा। जीविका से जुड़ने के बाद उन्हें दोबारा शिक्षा हासिल करने का अवसर मिला।
इसके बाद उम्र की परवाह किए बिना उन्होंने पढ़ाई शुरू की और मैट्रिक की परीक्षा पास कर अपनी प्रतिभा साबित की। इनकी सफलता गांव और समाज की दूसरी महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है।