बिहार में रिश्तों का कत्ल: 25 लाख रुपये के लिए पति की हत्या! नालंदा में घटना के बाद पत्नी फरार
बिहार के नालंदा में रुपये के विवाद में पत्नी पर पति की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। 25 लाख रुपये को लेकर हुए इस सनसनीखेज मामले में आरोपी पत्नी फरार है और पुलिस जांच कर रही है।

नालंदा में पत्नी पर लगा पति की हत्या का आरोप। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
रुपये के विवाद में पत्नी ने की पति की हत्या।
नालंदा के बिहारशरीफ में हुई यह सनसनीखेज घटना।
25 लाख रुपये को लेकर पति-पत्नी में था विवाद।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। रुपये के विवाद में रिश्तों के कत्ल का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नूरसराय थाना क्षेत्र के अंबानगर मोहल्ले में पत्नी पर पति की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है।
गंभीर रूप से जख्मी 45 वर्षीय राजेश कुमार की शुक्रवार की देर रात पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। पति की मौत की खबर मिलते ही आरोपित पत्नी घर छोड़कर फरार हो गई।
परिजनों का आरोप है कि राजेश को हाल ही में करीब 25 लाख रुपये मिले थे। इसी रकम को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, पत्नी लगातार उससे रुपये मांग रही थी। वहीं, राजेश को आशंका थी कि पत्नी रुपये लेकर अपने मायके वालों को दे देगी और उसे छोड़कर चली जाएगी।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। परिजनों ने बताया कि पत्नी और बेटी पहले से ही उसे छोड़कर दूसरी जगह रह रही थीं।
मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने पर बढ़ा विवाद
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार की शाम भी रुपये को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान पत्नी के मायके पक्ष के कुछ लोग भी वहां पहुंच गए।
इसके बाद कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि पत्नी ने अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से राजेश की पिटाई कर दी। हमले में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
मारपीट की जानकारी मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया। वहां शुक्रवार की देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गोलीबारी के आरोप में ढाई महीने जेल में रहा था राजेश
परिजनों ने बताया कि राजेश गोलीबारी के एक मामले में आरोपित था। इस मामले में वह करीब ढाई महीने तक जेल में रहा था।
जमानत पर रिहा होने के बाद वह गांव लौटा था। इसके बाद से ही करीब 25 लाख रुपये की रकम को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।
परिजनों ने आशंका जताई है कि रुपये के लालच में ही पत्नी ने सहयोगियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें अन्य लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पत्नी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शनिवार की सुबह परिवार वालों ने घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
फिलहाल आरोपित पत्नी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, पत्नी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका तथा विवाद के कारणों का पता चल सकेगा। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।