विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नालंदा में ऑनर किलिंग की आशंका: राजगीर महोत्सव घुमाने के बहाने बेटी को लाए, सुनसान इलाके में हत्या; मां-बेटा हिरासत में

Published: Sat, 28 Nov 2026 06:32 PM (IST)

नालंदा के राजगीर में 16 वर्षीय किशोरी की हत्या कर दी गई, जिसे राजगीर महोत्सव दिखाने के बहाने घर से लाया गया था। पुलिस ने प्रेम-प्रसंग के चलते ऑनर किलिंग की आशंका जताई है और मां व भाई को हिरासत में लिया है।

शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस

शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस

HighLights

  1. राजगीर महोत्सव के बहाने घर से लाई गई किशोरी की हत्या।

  2. प्रेम-प्रसंग के चलते ऑनर किलिंग की आशंका, मां-भाई हिरासत में।

  3. सुनसान इलाके में मिला शव, सिर पर डंडे से वार के निशान।

संवाद सहयोगी, राजगीर(नालंदा)। राजगीर महोत्सव दिखाने के बहाने घर से लाई गई 16 वर्षीय किशोरी की शनिवार को हत्या कर दी गई। उसका शव राजगीर थाना क्षेत्र के मटिहानी खंधा स्थित सुनसान इलाके में मिला।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई है। आशंका है कि किशोरी के प्रेम संबंध से नाराज होकर उसके स्वजन ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने मृतका की मां और भाई को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य आरोपित फरार हैं।

किशोरी की पहचान पावापुरी ओपी क्षेत्र के दशरथपुर गांव निवासी स्व. नायक सिंह की बेटी अंजलि कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को उसकी मां निर्मला देवी और भाई नवीन कुमार उसे राजगीर महोत्सव घुमाने के बहाने घर से लेकर आए थे।

आरोप है कि दोनों ने पहले से दो अन्य लोगों को मटिहानी खंधा के पास बुला रखा था। वहां पहुंचने के बाद किशोरी को सुनसान जगह पर ले जाया गया और उसके सिर पर डंडे से कई वार किए गए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।                                                     

शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस

डायल-112 की टीम को मटिहानी खंधा के पास एक नाबालिग का शव पड़े होने की सूचना मिली। इसी दौरान दो लोगों को संदिग्ध स्थिति में वहां से भागते देखा गया। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। बाद में राजगीर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पकड़े गए लोगों से शव की पहचान कराई गई तो उन्होंने मृतका को अपनी बेटी और बहन बताया।

घटनास्थल से खून लगा डंडा बरामद

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से खून लगा एक डंडा भी बरामद किया है।

घटनास्थल को घेरकर जांच की गई। पुलिस हिरासत में मां निर्मला देवी और भाई नवीन कुमार से पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

मां ने अज्ञात युवक पर लगाया था हत्या का आरोप

हिरासत में लिए जाने से पहले निर्मला देवी ने पुलिस को बताया था कि उसकी बेटी अंजलि पटना में इंटर की पढ़ाई करती थी और पिछले छह महीने से गांव में रह रही थी।

शनिवार सुबह वह बेटे नवीन और बेटी अंजलि के साथ राजगीर महोत्सव घूमने आई थी। लौटते समय वे खंधा के रास्ते शॉर्टकट से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात युवक ने डंडे से अंजलि पर हमला कर दिया और फरार हो गया। हालांकि, घटनास्थल से मां-बेटे के भागने और पुलिस की प्रारंभिक जांच में उनकी बताई कहानी संदिग्ध पाई गई।

चार लोगों की संलिप्तता की आशंका

राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में इस वारदात में चार लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। मां और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रेम-प्रसंग को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।

डीएसपी ने बताया कि एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई संदिग्ध सैंपल एकत्र किए हैं। रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।