विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नालंदा में 564 एकड़ में बनेगा औद्योगिक पार्क, 382 करोड़ के बजट को मंजूरी; युवाओं को मिलेगा रोजगार

Published: Wed, 18 Nov 2026 09:12 AM (IST)

नालंदा के इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र के बरहगांवा में 564 एकड़ में औद्योगिक पार्क बनेगा, जिसके लिए 382 करोड़ रुपये के ...और पढ़ें

नालंदा के इस्‍लामपुर में 564 एकड़ भूमि पर औद्योग‍िक पार्क। सांकेत‍िक तस्‍वीर

नालंदा के इस्‍लामपुर में 564 एकड़ भूमि पर औद्योग‍िक पार्क। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. नालंदा में 564 एकड़ में औद्योगिक पार्क का निर्माण होगा।

  2. 382 करोड़ रुपये के बजट को वित्त विभाग की स्वीकृति मिली।

  3. यह परियोजना युवाओं को रोजगार और आर्थिक विकास देगी।

संवाद सूत्र, एकंगरसराय (नालंदा)। इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र के बरहगांवा में 564 एकड़ भूमि पर औद्योगिक पार्क का निर्माण होगा।

इसके लिए 382 करोड़ रुपये के बजट को वित्त विभाग की स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही राज्य मंत्रिमंडल से भी इसकी मंजूरी मिलने की उम्मीद है। उक्त जानकारी इस्लामपुर के विधायक रुहेल रंजन ने एकंगरसराय में पत्रकारों को दी।

विधायक ने बताया कि बरहगांवा में औद्योगिक पार्क की स्थापना को लेकर वे लगातार प्रयासरत थे। इसके लिए उन्होंने सीएम सम्राट चौधरी, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह समेत संबंधित विभाग के वरीय अधिकारियों से कई बार मुलाकात की थी।

युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर ध्‍यान 

मुलाकात के दौरान उन्होंने औद्योगिक पार्क की स्थापना की आवश्यकता, क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं और स्थानीय युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था।

उन्होंने सरकार से इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया था। अब 382 करोड़ रुपये के बजट को वित्त विभाग की स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के आगे बढ़ने का रास्ता प्रशस्त हुआ है।

विधायक ने कहा कि 564 एकड़ में विकसित होने वाला यह औद्योगिक पार्क इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे नालंदा जिले के विकास को नई गति प्रदान करेगा।

ग्रामीण क्षेत्र में आर्थिक गत‍िव‍िध‍ियों को म‍िलेगा बढ़ावा 

इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा तथा विभिन्न उद्योगों की स्थापना और निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। औद्योगिक इकाइयों के स्थापित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

इससे युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने और पलायन कम करने की दिशा में मदद मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक पार्क की स्थापना से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

परिवहन, माल ढुलाई, गोदाम, होटल, रेस्टोरेंट, दुकान और अन्य छोटे-बड़े व्यवसायों के विस्तार की संभावनाएं बनेंगी। इसका लाभ स्थानीय कारोबारियों, किसानों और आम लोगों को भी मिल सकता है।

मंत्र‍िमंडल की स्‍वीकृत‍ि का इंतजार 

साथ ही क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
विधायक रुहेल रंजन ने बताया कि बरहगांवा में औद्योगिक पार्क की स्थापना नालंदा को औद्योगिक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

वित्त विभाग से बजट की स्वीकृति मिलने के बाद अब राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी का इंतजार है। कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- बिहार को PM मोदी देंगे 2 बड़े तोहफे: 1243 एकड़ में बनेगा इंडस्ट्रियल पार्क, 6-लेन पुल की भी मिलेगी सौगात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।