सरसों में पीली पत्तियां देख यूरिया न डालें किसान! सल्फर की कमी से फीका पड़ रहा नालंदा के तेल का रंग और झांस
नालंदा जिले में मिट्टी में सल्फर की कमी के कारण सरसों की फसल की गुणवत्ता और उपज प्रभावित हो रही ...और पढ़ें

सरसों में पीली पत्तियां देख यूरिया न डालें किसान (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
नालंदा में सरसों की फसल में सल्फर की गंभीर कमी।
सल्फर की कमी से तेल की गुणवत्ता, रंग प्रभावित हो रहा।
किसानों को मिट्टी जांच, सल्फर प्रयोग की महत्वपूर्ण सलाह।
संवाद सूत्र, हरनौत। नालंदा जिले की मिट्टी में एक जरूरी पोषक तत्व की कमी सरसों की फसल पर भारी पड़ रही है। मिट्टी में सल्फर की कमी के कारण सरसों को उसका वास्तविक रंग नहीं मिल पा रहा है।
तेल में वह मानक झांस भी नहीं आ रहा है, जिसके लिए नालंदा की सरसों जानी जाती थी। उपज दर पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। किसान अच्छी मेहनत और खाद के बाद भी मनचाही उपज नहीं ले पा रहे हैं।
सल्फर सरसों के लिए सबसे अहम पोषक तत्व
नालंदा कृषि विज्ञान केंद्र , हरनौत के मृदा विज्ञानी उमेश नारायण उमेश ने बताया कि सल्फर सरसों के लिए सबसे अहम सूक्ष्म पोषक तत्व है। सरसों तिलहनी फसल है और इसमें तेल की मात्रा और गुणवत्ता सीधे सल्फर से जुड़ी होती है।
सल्फर की कमी से पौधों में प्रोटीन और तेल का निर्माण ठीक से नहीं हो पाता। इसी कारण दाने छोटे रह जाते हैं, रंग फीका पड़ जाता है और तेल में तीखापन कम हो जाता है।
उन्होंने बताया कि सल्फर की कमी के लक्षण खेत में ही दिखने लगते हैं। पौधों की नई पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं। पौधों की बढ़वार रुक जाती है। फूल कम आते हैं और फलियां पतली और छोटी रह जाती हैं। कई किसान इसे नाइट्रोजन की कमी समझकर यूरिया डाल देते हैं, जिससे समस्या और बढ़ जाती है। समय पर पहचान न होने से पूरी फसल की गुणवत्ता खराब हो जाती है।
प्रति एकड़ आठ किग्रा सल्फर की सलाह
मृदा विज्ञानी ने सरसों उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ आठ किग्रा सल्फर के व्यवहार की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सल्फर को बुआई के समय ही खेत में देना सबसे अधिक लाभदायक है। इसे डीएपी या अन्य उर्वरकों के साथ मिलाकर भी दिया जा सकता है। जिन खेतों में कमी अधिक है, वहां मिट्टी जांच के आधार पर मात्रा तय करना बेहतर होगा।
उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि अंदाज पर खाद न डालें। खेतों की मिट्टी की जांच करवा लें तो अधिक बेहतर होगा। कहा, मिट्टी जांच से यह पता चल जाता है कि खेत में किस पोषक तत्व की कितनी कमी है। इससे खाद पर बेवजह खर्च भी बचता है और फसल को सही पोषण मिलता है।
सिंगल सुपर फास्फेट बेहतर विकल्प
मृदा विज्ञानी ने बताया कि यदि किसान डीएपी के स्थान पर सिंगल सुपर फास्फेट का व्यवहार करते हैं तो अलग से सल्फर डालने की आवश्यकता नहीं भी पड़ सकती है। क्योंकि इसमें 12 प्रतिशत सल्फर होता है। लेकिन सतर्कता यह बरतनी होगी कि मात्रा डीएपी से तीन गुनी अधिक डालनी होगी।
यहां होती है मिट्टी जांच
जिले में मिट्टी जांच की सुविधा कृषि विज्ञान केंद्र हरनौत, उद्यान महाविद्यालय नूरसराय और जिला कृषि कार्यालय में उपलब्ध है। किसान यहां मिट्टी का नमूना लेकर जांच करवा सकते हैं। जांच के बाद उन्हें मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड भी दिया जाता है, जिसमें सभी पोषक तत्वों की स्थिति और खाद की मात्रा की जानकारी रहती है।
विज्ञानी ने कहा कि अगर किसान समय पर सल्फर का प्रयोग करें और मिट्टी जांच करवाते रहें तो सरसों की उपज के साथ-साथ तेल की गुणवत्ता में सुधार होगा। इससे किसानों की आमदनी भी बढ़ेगी और नालंदा की सरसों को फिर से उसकी पुरानी पहचान मिल सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।