शादी के दो साल बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मिला विवाहिता का शव, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप Vaishali News
तिसिऔता थाना के शाहपुर गांव में एक विवाहिता की शुक्रवार की देर रात संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई।
वैशाली, जेएनएन। तिसिऔता थाना के शाहपुर गांव में एक विवाहिता की शुक्रवार की देर रात संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान जूली देवी शाहपुर निवासी सोनू चौधरी की पत्नी के रूप में हुई है। उसकी शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी। उसे दो वर्ष का एक बेटा अभिनय कुमार भी है। जानकारी मिलने पर शनिवार की सुबह तिसिऔता थाने की पुलिस तफ्तीश के लिए पहुंच गई है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जहर खाकर मरने की चर्चा भी
घटना शुक्रवार की देर रात घटी। वारदात की सूचना पर मृतका के पिता राजापाकर थाना के महेश्वरपुर निवासी हरेंद्र ठाकुर स्वजनों के साथ बेटी के ससुराल शाहपुर पहुंचे। घटना का एक कारण घरेलू कलह भी बताया जा रहा है। चर्चा इस बात की है कि जूली देवी ने पारिवारिक कलह के कारण जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
पिता कह रहे ससुराल वालों ने ली जान
हालांकि मृतका के पिता हरेंद्र ठाकुर ने उनकी बेटी की ससुराल वालों द्वारा हत्या कर दिए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ससुराल वालों से लड़की का संबंध ठीक नहीं चल रहा था। इसी कारण उन लोगों ने उनकी बेटी की हत्या कर दी। मौत के मामले में मृतका के पिता द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के पश्चात ही घटना की परतें खुल सकेंगी। जानकारी होने पर शनिवार की सुबह पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है। मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चलने लगी हैं।