नालंदा के हिरण्य पर्वत पर स्थापित होगी भगवान श्रीराम की विशाल प्रतिमा, पर्यटकों के लिए विकसित होंगी सुविधाएं
नालंदा के बिहारशरीफ स्थित ऐतिहासिक हिरण्य पर्वत को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल तेज हो गई ...और पढ़ें

हिरण्य पर्वत का जायजा लेने पहुंचे विधायक डॉ. सुनील कुमार। जागरण
HighLights
हिरण्य पर्वत पर भगवान श्रीराम की विशाल प्रतिमा स्थापित होगी।
पर्यटकों के लिए जिम, पेयजल, विश्राम गृह जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
विधायक डॉ. सुनील कुमार ने स्थल का निरीक्षण कर विकास योजनाएं देखीं।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। नालंदा जिले में बिहारशरीफ के ऐतिहासिक हिरण्य पर्वत को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल तेज हो गई है।
इसी कड़ी में बिहारशरीफ के विधायक डॉ. सुनील कुमार रविवार को बड़ी पहाड़ी स्थित हिरण्य पर्वत का स्थल निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने पर्वत पर भगवान श्रीराम की विशाल प्रतिमा स्थापित करने के लिए स्थल चिह्नित किया और संबंधित अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं पर विचार-विमर्श किया।
2025 में रखी गई थी आधारशिला
विधायक ने बताया कि वन एवं पर्यावरण मंत्री रहते हुए चार मई 2025 को उन्होंने इस परियोजना की आधारशिला रखी थी।
उनका प्रयास है कि हिरण्य पर्वत की प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखते हुए इसे पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने हिरण्य पर्वत स्थित हिरण्येश्वर धाम मंदिर में पूजा-अर्चना कर विधानसभा क्षेत्र के लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद नालंदा के डीएफओ राजकुमार एम. सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ पर्वत के समग्र विकास को लेकर चर्चा की।
यहां जिम, पेयजल टैंक, सुलभ शौचालय और यात्री विश्राम गृह जैसी जनसुविधाएं विकसित करने की योजना पर विचार किया गया।
पर्यटन स्थल के रूप में दिलाएंगे पहचान
विधायक ने कहा कि हिरण्य पर्वत को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में नई पहचान दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
इससे न केवल पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर भी विकास के नए अवसर सृजित होंगे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने गली-नाली और नल-जल योजना से जुड़ी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। मौके पर भाजपा जिला मंत्री अमरेश कुमार, पूर्व वार्ड पार्षद भेषनाथ प्रसाद, रोहित कुमार, विकास कुमार विक्की आदि उपस्थित थे।