Coronavirus Nalanda Update: एक कोरोना विजेता स्वस्थ होकर लौटा घर, बोला रहें सतर्क
नालंदा में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 35 हो गई है। इनमें कई ठीक होकर अपने घर भी लौट चुके हैं। साथ ही कई रिपोर्ट आने का भी अभी इंतजार है।
नालंदा, जेएनएन। जिले में प्रशासन की सख्ती और लोगों की सतर्कता के बावजूद कोरोना संक्रमण के 35 मामले सामने आ चुके हैं। 48 घंटे से कोई नया कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला है। बुधवार को नालंदा निवासी एक कोरोना विजेता स्वस्थ होकर घर लौट गया है। दो रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद मोहम्मद आसिफ को एनएमसीएच से डिस्चार्ज कर दिया गया है। इस दौरान उन्हें 14 दिन तक होम क्वारंटाइन किया गया है। चिकित्सकों ने पॉजिटिव से निगेटिव हुए मरीज को खास एहतियात बरतने के लिए कहा है।
महिला ने सबको सकते में डाला
जिले के खुदागंज थाना के बनवाड गांव अपने ससुराल आई एक महिला सिपाही ने सभी को सकते में डाल दिया है। दरअसल महिला सिपाही मधुवनी में पदस्थापित है। वह लॉकडाउन से पहले अपने ससुराल खुदागंज थाना के बनवाड गांव आई थी। यहां पर लॉकडाउन में फंसे रहने के कारण अपने वरीय पदाधिकारी के आदेश पर कुछ दिन खुदागंज थाना में डिप्टेशन पर पदस्थापित हुई थी। उसके बाद फिर से वरीय पदाधिकारी के आदेश पर वह मधुवनी लौट गई। हिलसा डीएसपी मॉ इम्तियाज ने बताया कि महिला का सैम्पल पूर्व में ही मधुवनी में लेकर भेजा गया था। इसके मधुवनी जाने के बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
पॉजिटिव आते ही उसके ससुराल के स्वजन के अलावा सम्पर्क में आने वाले कुल 68 लोगों का सैम्पल लेकर जांच के लिए पटना भेजा गया। हालांकि महिला आरक्षी मधुवनी में ही पॉजिटिव हुईं थी। लेकिन यहां ससुराल व कुछ दिन तक थाने में रहने के बाद एहतियात के तौर पर सम्पर्क में आए संदिग्ध लोगों को चिन्हित कर उसका सैम्पल लेकर पटना भेजा गया। इस बात की जानकारी इस्लामपुर के पीएचसी प्रभारी डॉ. बाल्मिकी प्रसाद सिन्हा ने भी दी। उन्होंने कहा कि सोमवार को 38 व मंगलवार को 30 लोगों का सैम्पल लेकर जांच के लिए पटना भेजा गया है। इधर बिहारशरीफ में मंगलवार भी जांच में भेजे गए सैम्पल में 55 लोग निगेटिव आए हैं। शेष 138 लोगों की रिपोर्ट अभी भी पेंडिंग है।
एक मैसेज पर डीएम ने मज़दूरों तक पहुंचवाया राशन
दैनिक जागरण के एक संवाददाता को पटना से किसी ने संपर्क कर हिलसा में फंसे मज़दूरों के बारे में बताया। जानकारी मिली कि हिलसा थाना क्षेत्र के मिल्की पर स्थित ईंट भट्टा पर करीब 15 लोग फंसे है। खाने के लिए राशन तक नहीं है। दवा के लिए पैसे नहीं है। इसके बाद इस संवाददाता ने सीधे डीएम तक बात पहुंचाई। सूचना मिलते ही डीएम योगेंद्र सिंह ने 5 मिनट के अंदर एसडीओ हिलसा को फ़ोन कर खाद्य सामग्री व अन्य ज़रूरत का सामान मुहैया कराने का आदेश दिया। इसके ठीक आधे घंटे के बाद सूचना मिली कि सभी मजदूर को पर्याप्त मात्र में ज़रूरत का सामान उपलब्ध करा दिया गया।