अंडर-20 रग्बी: दूधिया रोशनी में चमका राजगीर, भारतीय बेटियों ने न्यूजीलैंड को 17-0 से हराया
भारतीय महिला अंडर-20 रग्बी टीम ने राजगीर में न्यूजीलैंड को 17-0 से हराया, जबकि पुरुष वर्ग में न्यूजीलैंड ने भारत को 32 अंकों से मात दी।

दूधिया रोशनी में चमका राजगीर, भारतीय बेटियों ने न्यूजीलैंड को 17-0 से हराया
HighLights
भारतीय महिला अंडर-20 रग्बी टीम ने न्यूजीलैंड को 17-0 से हराया।
पुरुष वर्ग में न्यूजीलैंड ने भारत को 32 अंकों के अंतर से हराया।
राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दूधिया रोशनी में हुए रोमांचक रग्बी मुकाबले।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। राजगीर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित रग्बी मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-20 टीमों के मुकाबलों में भारतीय महिला टीम ने 17-0 से जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग में न्यूजीलैंड ने भारत को 32 अंकों के अंतर से हराया।
महिला वर्ग का मुकाबला 15 मिनट का था। भारतीय खिलाड़ियों ने तेज रफ्तार, बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल से शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। पहले हाफ में भारत ने 12 अंक जुटाकर बढ़त बनाई। इसके बाद भी टीम ने आखिरी क्षण तक अपनी बढ़त कायम रखी।
भारत की जर्सी नंबर 15 की खिलाड़ी ने मुकाबले में सबसे अधिक अंक जुटाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मजबूत रक्षापंक्ति के सामने न्यूजीलैंड की टीम पूरे मैच में अंक बनाने के लिए जूझती रही और अपना खाता भी नहीं खोल सकी।
पुरुष वर्ग में न्यूजीलैंड की अंडर-20 टीम ने शुरुआत से भारतीय खिलाड़ियों पर दबाव बनाए रखा। पहले हाफ में उसने 12 अंक जुटाए। भारत ने वापसी की कोशिश की, लेकिन न्यूजीलैंड की मजबूत रक्षापंक्ति और तेज आक्रमण के सामने सफल नहीं हो सका।
न्यूजीलैंड की जर्सी नंबर 10 के खिलाड़ी ने ट्राई स्कोर कर टीम के अंक बढ़ाए। लगातार अंक जुटाते हुए न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को वापसी का मौका नहीं दिया और 32 अंकों के अंतर से जीत हासिल की। राजगीर में हुए मुकाबलों ने रग्बी के अलग-अलग रंग दिखाए।
महिला टीम की जीत से भारतीय दर्शकों में उत्साह रहा, जबकि पुरुष वर्ग के नतीजे ने मुकाबले की प्रतिस्पर्धा को सामने रखा। दूधिया रोशनी से जगमगाते स्टेडियम में खिलाड़ियों के दमखम और दर्शकों के उत्साह ने रोमांच बनाए रखा।
यह भी पढ़ें- अंडर-20 रग्बी: 15 मिनट के रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को हराया, जर्सी नंबर 10 ने कर दिया कमाल
